KYC मैसेज से रहें सावधान! एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक खाता; RBI ने किया सतर्क
भारतीय रिजर्व बैंक ने फर्जी KYC अपडेट के नाम पर भेजे जा रहे SMS और व्हाट्सऐप मैसेज से लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है. RBI ने सलाह दी है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें.
नई दिल्ली: देश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और अब ठगों ने लोगों को निशाना बनाने के लिए KYC अपडेट का नया तरीका अपनाया है. भारतीय रिजर्व बैंक ने लोगों को फर्जी KYC अपडेट वाले SMS और व्हाट्सऐप मैसेज से सतर्क रहने की सलाह दी है. इन संदेशों में बैंक खाता बंद होने की चेतावनी देकर लोगों को तुरंत कार्रवाई करने के लिए कहा जाता है.
साइबर अपराधी पहले लोगों के मोबाइल पर फर्जी संदेश भेजते हैं. इनमें दावा किया जाता है कि यदि तय समय के भीतर KYC अपडेट नहीं किया गया तो बैंक खाता बंद कर दिया जाएगा. संदेश के साथ एक लिंक भी दिया जाता है, जिस पर क्लिक करने के लिए दबाव बनाया जाता है. घबराहट में कई लोग इस लिंक पर क्लिक कर देते हैं और ठगी का शिकार बन जाते हैं.
कैसे फंसते हैं लोग?
फर्जी लिंक पर क्लिक करने के बाद व्यक्ति को नकली बैंक वेबसाइट पर भेजा जाता है. वहां KYC के नाम पर बैंक खाता संख्या, एटीएम पिन, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड, डेबिट कार्ड की जानकारी या ओटीपी मांगा जाता है. जैसे ही यह जानकारी साइबर ठगों के हाथ लगती है, वे खाते से पैसे निकाल सकते हैं. एक छोटी सी लापरवाही से लोगों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
Also Read
RBI ने क्या दी सलाह?
RBI ने लोगों को सलाह दी है कि किसी भी ऐसे संदेश पर तुरंत भरोसा न करें, जिसमें जल्द कार्रवाई करने का दबाव बनाया जा रहा हो. बैंक कभी भी SMS या व्हाट्सऐप पर लिंक भेजकर KYC अपडेट करने या गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा करने के लिए नहीं कहते हैं. किसी भी सूचना की पुष्टि हमेशा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या नजदीकी शाखा से करनी चाहिए.
अगर किसी व्यक्ति को ऐसा संदिग्ध संदेश मिलता है तो उसे दिए गए लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए. यदि गलती से लिंक खुल जाए या कोई जानकारी साझा हो जाए तो तुरंत अपने बैंक से संपर्क करें, कार्ड और नेट बैंकिंग सेवाएं ब्लॉक करवाएं तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराएं. सतर्कता और जागरूकता ही इस तरह की ऑनलाइन ठगी से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है.