ट्रेन की फर्स्ट AC में अचानक घुस गई बिन टिकट वाली भीड़, महिला ने वीडियो शेयर कर सुरक्षा को लेकर कही यह बात
Train Viral Video: भीड़ के अचानक आ जाने से एसी कोच में बैठे पैसेंजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा. इसका एक वीडियो महिला यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है.
Train Viral Video: ट्रेन के जनरल डिब्बों की भीड़ देख किसी का भी माथा घूम सकता है. ट्रेन की भीड़ में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई तरह के सवाल खड़े होते हैं. जनरल तो जनरल तो एसी डिब्बे में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं है. 18 दिसंबर को एक महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपना दर्द बयां किया है. दरअसल, दिल्ली से पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जंक्शन तक चलने वाली महानंदा एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में 18 दिसंबर की रात में बिना टिकट के यात्रा कर रहे यात्री अचानक घुस जाते हैं. भीड़ के अचानक आ जाने से एसी कोच में बैठे पैसेंजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा. इसका एक वीडियो महिला यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है.
महिला ने किया ट्वीट
स्वाति राज नाम की महिला ने वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कि महानंदा एक्सप्रेस (15483) में फर्स्ट AC की यह स्थिति है. मैं रेलवे मैनेजमेंट से जांच करने की अपील करती हूं. फर्स्ट एसी में यात्रा करने के लिए हम अधिक पैसा देते हैं फिर भी मैं असुरक्षित महसूस कर रही हूं.
इस ट्वीट के साथ महिला ने पीएम मोदी, भारतीय रेलवे और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग किया है.
आप भी देखें वीडियो
स्वाती ने एक्स पर जो वीडियो शेयर किया है, उसमें देखा जा सकता है कि एसी कोच के गलियारे में लोगों की भीड़ नजर आ रही है. स्वाती के इस ट्वीट पर एक यूजर ने रिप्लाई देते हुए लिखा कि TTE या फिर RPF समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं तो चैन पुलिंग करके उनका ध्यान आकर्षित करें. हालांकि, ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए. इस रिप्लाई के जवाब में स्वाति ने लिखा कि उन्होंने रेलवे पुलिस से मदद मांगी थी. लेकिन ट्रेन 2 मिनट में ही चल दि जिसके चलते पुलिस हमारी मदद करने में असफल रही.
रेलवे ने किया रिप्लाई
सोशल मीडिया पर जब स्वाति द्वारा शेयर किया गया वीडियो वायरल हुआ तो रेलवे ने स्वाती के ट्वीट पर रिप्लाई देते हुए PNR नंबर और मोबाइल नंबर शेयर मांगा और उनसे वेबसाइट या फिर 139 डायल कर शिकायत करने का सुझाव भी दिया.