क्या है Jev AI? लॉन्च के सिर्फ 12 घंटे में बना चर्चा का केंद्र, ChatGPT-Gemini से है अलग
AI की दुनिया में TypeSafe AI का Jev मॉडल लॉन्च के कुछ ही दिनों में चर्चा में आ गया है. Jev को 15 सितंबर 2026 को लॉन्च किया गया था. यह ChatGPT या Gemini जैसे चैटबॉट से अलग है.
नई दिल्ली: AI की दुनिया में TypeSafe AI का Jev मॉडल लॉन्च के कुछ ही दिनों में चर्चा में आ गया है. Jev को 15 सितंबर 2026 को लॉन्च किया गया था. यह ChatGPT या Gemini जैसे चैटबॉट से अलग है. इसका मुख्य काम लंबे जवाब या लेख लिखना नहीं, बल्कि सॉफ्टवेयर को किसी भी स्थिति में फैसला लेने में मदद करना है. उदाहरण के लिए, अगर किसी कंपनी के पास हजारों ग्राहक शिकायतें आती हैं. Jev यह तय करने में मदद कर सकता है कि शिकायत पेमेंट से जुड़ी है, तकनीकी समस्या है या उसे तुरंत किसी कर्मचारी के पास भेजना चाहिए.
कंपनी के मुताबिक, Jev ने उसके AI गेटवे पर लॉन्च के 24 घंटे के भीतर करीब 13% भुगतान करने वाली टीमों तक पहुंच बना ली. वर्सेल कंपनी ने इसे अपने AI गेटवे के इतिहास में सबसे तेजी से अपनाया गया मॉडल बताया है. यह आंकड़ा कंपनी के प्लेटफॉर्म पर मौजूद पेड टीम्स के इस्तेमाल को दिखाता है.
ChatGPT से कैसे अलग है Jev?
ChatGPT जैसे सामान्य AI मॉडल मुख्य रूप से टेक्स्ट तैयार करते हैं. Jev को इसके बजाय फैसले लेने के लिए बनाया गया है. इसमें डेवलपर सवाल और संभावित विकल्प तय कर सकता है. Jev उस आधार पर च्वाइस, स्कोर या बूलीन यानी हां/नहीं जैसे जवाब दे सकता है. इसका फायदा यह है कि सॉफ्टवेयर को लंबे AI जवाब को पढ़कर फैसला लेने की जरूरत कम पड़ती है.
Also Read
Jev का इस्तेमाल कहां हो सकता है?
Jev का इस्तेमाल AI एजेंट्स, कस्टमर सपोर्ट, फ्रॉड डिटेक्शन, रिस्क चेकिंग और ऑटोमैटेड वर्कफ्लो में किया जा सकता है. उदाहरण के तौर पर कोई AI एजेंट यह तय कर सकता है कि अगला काम किस टूल से करवाना है, किसी प्रक्रिया को जारी रखना है या उसे इंसान के पास भेजना है.
स्पीड और कॉस्ट को लेकर कंपनी का दावा:
TypeSafe AI के अपने वर्कफ्लो एवेल्यूशन के मुताबिक, Jev कुछ कामों में सामान्य LLMs की तुलना में 193.6 गुना तक तेज और 444.6 गुना तक सस्ता रहा. ये आंकड़े कंपनी के अपने परीक्षणों पर आधारित हैं, इसलिए इन्हें हर तरह के AI काम के लिए सामान्य परिणाम नहीं माना जा सकता. फिलहाल Jev का फोकस AI से बातचीत कराने के बजाय AI सिस्टम को तेज और सही फैसले लेने में मदद करना है.