नौकरी का लालच पड़ जाएगा भारी, फेक जॉब के चक्कर में खाली हो रहे लोगों के अकाउंट
Fake Jobs: फेक जॉब स्कैम का जाल बढ़ता ही जा रहा है. इस तरह से स्कैमर्स आपकी जानकारी चुराते हैं और फिर आपका बैंक अकाउंट खाली करते हैं. वहीं, कई बार तो स्कैमर्स जॉब अप्लाई करने के लिए भी पैसे मांगते हैं. अगर आप इस तरह के स्कैम से बचकर नहीं रहे तो आपको भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है.
Fake Jobs Scam: फेक जॉब स्कैम बढ़ते ही जा रहे हैं. खासतौर से लोगों को सरकारी नौकरी के नाम पर ज्यादा चूना लगाया जा रहा है. देश में सरकारी नौकरी से जुड़े घोटालों की संख्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही है जिसके बीच सरकार ने एक फर्जी वेबसाइट के खिलाफ एडवाइजरी जारी की है. पीआईबी फैक्ट चेक के आधिकारिक हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में बताया गया है कि एक वेबसाइट खुद को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय से जुड़ा बताकर लोगों को फर्जी नौकरी दे रही है.
पोस्ट में बताया गया है कि इस वेबसाइट पर लोगों के नौकरी दिलाने के एवज में पैसे भी लिए जा रहे हैं. वेबसाइट आवेदन शुल्क के तौर पर 1,675 रुपये मांग रही है. पोस्ट में लिखा है- http://rashtriyavikasyojna.org अलग-अलग पदों के लिए नौकरियों का दावा कर रही है. इसके लिए आवेदन शुल्क भी ले रही है. पोस्ट में बताया गया है कि यह वेबसाइट @AgriGoI से संबंधित नहीं है. देखें पोस्ट-
फेक जॉब स्कैम से कैसे बचें:
-
पूरी तरह से रिसर्च करें: नौकरी के लिए आवेदन करने से पहले, कंपनी के बारे में अच्छे से पढ़ें. इसके लिए, आप कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज देख सकते हैं. अगर ईमेल एड्रेस आधिकारिक हैंडल से मेल नहीं खाता है, तो यह एक स्कैम हो सकता है.
-
वेबसाइट की सिक्योरिटी: वेबसाइट की सिक्योरिटी के लिए सुनिश्चित करें कि इसके “https://” से शुरू होती है. इसके अलावा पैडलॉक आइकन भी होना चाहिए. वेबसाइट की वैधता को भी चेक करें. डोमेन कितना पुराना है यह जानना भी जरूरी है.
-
खुद पर भरोसा रखें: अगर आपको जॉब या इम्प्लॉयर के बारे में कुछ भी गलत महसूस होता है तो खुद पर भरोसा रखें. ऐसे अवसर से बचें जिसमें आपको कुछ गड़बड़ लग रही हो.
-
निजी जानकारी शेयर न करें: बैंक अकाउंट और सोशल सिक्योरिटी नंबर जैसी सेंसिटिव जानकारी किसी के साथ शेयर न करें. इस तरह की जानकारी से आपका बैंक अकाउंट भी खाली किया जा सकता है.
-
शिकायत चेक करें: अगर किसी इम्प्लॉयर या किसी जॉब के खिलाफ आपको काफी सारी शिकायतें मिलती हैं या फिर उसके रिव्यू गलत मिलते हैं तो आपको इनसे बचकर रहना है.