मौलाना की धमकी पर राहुल गांधी चुप क्यों? CM पुष्कर सिंह धामी ने उठाए सवाल
उत्तराखंड में राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कई सवाल उठाए हैं.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने रुद्रपुर में मौलाना की कथित धमकी, हल्द्वानी में कथित जेहादी नारों और 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान मुस्लिम यूनिवर्सिटी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जब रुद्रपुर में किसी मौलाना की ओर से कथित तौर पर धमकी दी जाती है तो राहुल गांधी चुप क्यों रहते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि 2022 के चुनाव के दौरान कांग्रेस मुस्लिम यूनिवर्सिटी क्यों बनाना चाहती थी. धामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस को पारदर्शी तरीके से रोजगार मिलने से परेशानी हो रही है और वह तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है.
शुद्धीकरण के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा स्थल के कथित शुद्धीकरण के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि इस मामले से भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है और कांग्रेस के पास शुद्धीकरण को लेकर कोई ठोस सबूत नहीं है. उन्होंने यह भी सवाल किया कि हल्द्वानी में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान रामलीला के मंच से कथित जेहादी नारे क्यों लगाए गए.
Also Read
- H-1B होल्डर्स सावधान! H-4 वर्क परमिट बंद करने की तैयारी, ट्रंप प्रशासन के नए प्लान से हजारों भारतीयों की बढ़ेगी टेंशन
- कौशांबी पटाखा फैक्ट्री कांड: भाग रहा था मुख्य आरोपी नौशाद, पुलिस एनकाउंटर में लगी गोली; अस्पताल में भर्ती
- लैपटॉप से लैस होंगे पंजाब के फूड इंस्पेक्टर, मंडियों से अनाज वितरण तक बदलेगी निगरानी
मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल उठाने को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सेना के पराक्रम पर सवाल उठाने वालों को देश स्वीकार नहीं करेगा. साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में प्रदेश के युवा नई कहानी लिखेंगे.
कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज एफआईआर को लेकर भाजपा और प्रदेश सरकार पर पलटवार किया है. पार्टी का आरोप है कि सरकार ने शुद्धीकरण के मामले में कार्रवाई से बचने और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह कदम उठाया है.
कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि पार्टी इस कार्रवाई से डरने वाली नहीं है और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर का लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से जवाब दिया जाएगा. उन्होंने इसे भाजपा और आरएसएस की दलित तथा संविधान विरोधी सोच बताया. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी मल्लिकार्जुन खरगे के सभा स्थल के कथित शुद्धीकरण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. इस पूरे विवाद ने उत्तराखंड की राजनीति में भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप को और तेज कर दिया है.