उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, सात जिलों में आज बारिश के आसार; शुक्रवार से येलो अलर्ट
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश का दौर फिर शुरू हो सकता है. बुधवार को सात जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि शुक्रवार से छह जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तराखंड में फिलहाल मौसम साफ और शुष्क बना हुआ है. हालांकि बुधवार को राज्य के कुछ पर्वतीय जिलों में मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चम्पावत, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है.
वहीं राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है.
शुक्रवार से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार से उत्तराखंड के कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. बागेश्वर, नैनीताल, चम्पावत, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में मौसम में बदलाव के संकेत हैं. इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. इसके अलावा कुछ स्थानों पर तेज से बहुत तेज बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने इन परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है.
Also Read
कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में आने वाले दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. लोगों को मौसम के बदलते मिजाज पर नजर रखने की सलाह दी गई है. फिलहाल पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादलों के बीच हल्की बारिश हो रही है, जबकि मैदानी इलाकों में धूप तेज है.
मानसून की विदाई का दौर करीब
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में उत्तराखंड के बाकी हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. हालांकि मानसून की विदाई के बीच कुछ इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. ऐसे में प्रदेश में एक तरफ मानसून की विदाई की स्थिति बन रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. लोगों को स्थानीय मौसम पूर्वानुमान और विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है.