उत्तराखंड में मौसम का बड़ा यू टर्न, 6 जिलों में ओले और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मौसम ने नया मोड़ लेने के संकेत दिए हैं. जहां मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं मौसम विभाग ने देहरादून समेत छह जिलों में ओलावृष्टि, तेज हवाओं और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
देहरादून: उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों गर्मी अपने चरम पर पहुंचती दिखाई दे रही है. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है. रुड़की, खटीमा और पंतनगर जैसे इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है. दूसरी ओर प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा बना हुआ है. आंशिक बादलों और हल्की बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में तापमान सामान्य बना हुआ है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल रही है.
अगले दो दिनों में और बढ़ सकती है गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले एक से दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव शुरू होगा और अगले दो से तीन दिनों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद मौसम का स्वरूप तेजी से बदल सकता है और कई क्षेत्रों में राहत भरी बारिश देखने को मिल सकती है.
इन जिलों में बारिश और गरज चमक की संभावना
बुधवार को उत्तरकाशी, देहरादून और टिहरी जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. इसके साथ गरज चमक की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं. राज्य के दूसरे पर्वतीय जिलों में भी कहीं कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. हालांकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क बने रहने की उम्मीद है.
Also Read
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में तेज गर्जना के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की गई है.
प्रमुख शहरों का तापमान
राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंतनगर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि मुक्तेश्वर और नई टिहरी जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम बना रहा. मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस और नई टिहरी में 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मैदानी क्षेत्रों की तुलना में काफी कम है.