उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों में इन जगहों पर बरसेंगे बादल; मैदानों में बढ़ेगी गर्मी
उत्तराखंड में सोमवार को पांच जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं मैदानी इलाकों में अगले दो से तीन दिनों तक तापमान बढ़ने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार 11 जून के बाद राज्य के कई हिस्सों में बारिश से राहत मिल सकती है.
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. जहां राज्य के कई पहाड़ी इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में लोगों को बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए कुछ जिलों में हल्की बारिश और मैदानों में तापमान बढ़ने की संभावना बताई है. रविवार को राज्य के अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप देखने को मिली, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का एहसास हुआ. हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, लेकिन इससे तापमान में कोई खास कमी नहीं आई.
इन पांच जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. इन पहाड़ी इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ने की संभावना है. इससे पहाड़ी इलाकों में मौसम सुहावना बना रह सकता है. वहीं देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर समेत अन्य मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
मैदानों में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है. उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. तेज धूप और शुष्क मौसम के कारण लोगों को दिन के समय अधिक गर्मी महसूस हो सकती है. इसके साथ ही एक्सपर्ट का कहना है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए.
हल्द्वानी में दिखे मौसम के कई रंग
रविवार को हल्द्वानी में मौसम ने कई रूप दिखाए. सुबह तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई, जिससे उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया. शाम करीब 4:15 बजे अचानक बादल छा गए और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई. हालांकि यह बारिश ज्यादा देर तक नहीं चली और कुछ समय बाद फिर धूप निकल आई. मौसम विभाग के अनुसार रविवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह तापमान पिछले दिन की तुलना में लगभग दो डिग्री अधिक रहा.