देहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर फिलहाल धीमा पड गया है. पर्वतीय इलाकों में बादल छाए हुए हैं और कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. वहीं मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ गई है. मौसम विभाग ने बुधवार को पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर में तेज बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना है. ऊधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर मौसम खराब हो सकता है. हालांकि प्रदेश के ज्यादातर मैदानी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.
देहरादून में मंगलवार को दिनभर तेज धूप खिली रही. शाम के समय आसमान में आंशिक बादल जरूर नजर आए लेकिन बारिश नहीं हुई. तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढोतरी दर्ज की गई. पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस बढ चुका है. तापमान बढने के साथ लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड रहा है.
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश की गतिविधियां कमजोर हुई हैं. हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर हल्की बौछारों का दौर जारी है. ऊंचाई वाले इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी हुई है. मौसम में इस बदलाव के कारण मैदानी क्षेत्रों में लोगों को बारिश से राहत तो मिली है, लेकिन गर्मी का असर बढ गया है.
मौसम विभाग ने गुरुवार से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां फिर बढने की संभावना जताई है. पर्वतीय जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कई जगह गर्जन के साथ बौछारें पडने का भी अनुमान है. हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.
इस दौरान पर्वतीय इलाकों और ऊधम सिंह नगर में आकाशीय बिजली के साथ तेज बारिश हो सकती है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है. खासकर खुले स्थानों और पहाडी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
दूसरी ओर उत्तराखंड से मानसून की विदाई का समय भी नजदीक आता दिख रहा है. मौसम विभाग के अनुसार सितंबर के अंत तक राज्य से मानसून के विदा होने की संभावना है. हालांकि विदाई से पहले कुछ इलाकों में बारिश के दौर जारी रह सकते हैं. फिलहाल राज्य में मौसम का मिला जुला असर देखने को मिल रहा है, जहां पहाडों में बारिश की संभावना बनी हुई है और मैदानी इलाकों में धूप के कारण गर्मी बढ रही है.