उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बारिश का अलर्ट, मैदानी इलाकों में गर्मी और उमस से लोग बेहाल; जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम

उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत समेत कई पर्वतीय जिलों में गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Pinterest (Representative image)
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अलग-अलग क्षेत्रों में अलग नजर आ रहा है. जहां पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक की संभावना बनी हुई है, वहीं मैदानी जिलों में तेज धूप, गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल है. प्री मानसून की बारिश में देरी और मानसून के अभी तक पूरी तरह सक्रिय नहीं होने के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है.

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में कई स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों और उधम सिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है. हरिद्वार के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की भी चेतावनी जारी की है.

मैदानी जिलों कैसा है मौसम?

मैदानी जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है. तेज धूप और उमस के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक से दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा. हालांकि इसके बाद तीन से चार दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है.


राजधानी में कैसा है मौसम?

राजधानी देहरादून में भी मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है. शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में केवल गरज चमक और तेज हवाएं चलीं. रविवार को पूरे दिन तेज धूप रही और बीच-बीच में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी ने लोगों को काफी परेशान किया. शाम के समय बिजली चमकने और हवाएं चलने से मौसम कुछ सुहावना जरूर हुआ.

मौसम विभाग ने क्या बताया?

प्री मानसून की बारिश में देरी का असर पूरे राज्य में महसूस किया जा रहा है. खासकर मैदानी इलाकों में लोग मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और गर्मी बनी रहेगी.

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और गरज चमक के समय खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहें. पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को भी मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है.