IPL 2026

उत्तराखंड में जमकर बरसेंगे बादर, चमोली समेत पांच जिलों में बारिश के लिए IMD का अलर्ट; जानिए वेदर अपडेट

उत्तराखंड में 12 अप्रैल 2026 को मौसम का मिजाज बदला हुआ है. चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में बारिश व ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट जारी है.

Pinterest
Reepu Kumari

देहरादून: उत्तराखंड में रविवार 12 अप्रैल 2026 को मौसम ने करवट ली है. पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर प्रभाव के कारण राज्य के कई पहाड़ी जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है. मौसम विभाग ने चमोली समेत पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.  देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले चार दिनों तक पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम की गतिविधियां जारी रहेंगी. वहीं मैदानी हिस्सों में धूप-छांव का खेल चलेगा और तापमान धीरे-धीरे बढ़ने वाला है.

चमोली समेत पांच जिलों में अलर्ट

मौसम विभाग ने चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है. 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हल्की बर्फबारी भी हो सकती है. केदारनाथ धाम में पहले से जमी बर्फ अब और मोटी हो रही है. पर्यटक और तीर्थयात्री सावधानी बरतें. 

मैदानी इलाकों का मौसम

देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी क्षेत्रों में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे. कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं. दिन के समय धूप निकलने से गर्मी का एहसास होगा, जबकि शाम और रात में ठंड बढ़ जाएगी. मौसम में यह उतार-चढ़ाव अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है.

देहरादून का तापमान

देहरादून में आज अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है. पिछले दिनों की तुलना में दिन थोड़ा गर्म हो रहा है, लेकिन रातें अभी भी ठंडी बनी हुई हैं. स्थानीय लोगों को सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास हो रहा है. 

अगले दिनों का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है. मैदानी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और आंशिक बादलयुक्त रहेगा. तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से दिन की गर्मी बढ़ेगी, जबकि रातें अभी भी ठंडी रहेंगी.

सावधानी बरतें

बदलते मौसम को देखते हुए पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले लोगों को खास सतर्कता बरतनी चाहिए. गरम कपड़े, रेनकोट और जरूरी दवाइयां साथ रखें. प्रशासन ने खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करने और मौसम अपडेट चेक करने की अपील की है.