उत्तराखंड में बारिश का दौर तेज, देहरादून समेत 4 जिलों में यलो अलर्ट; बिजली गिरने की आशंका

उत्तराखंड में मानसून सक्रिय बना हुआ है. पहाडी इलाकों में तेज बौछारों का दौर जारी है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश हो रही है. आज भारी बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है.

ANI
Shanu Sharma

उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है. राज्य के पहाडी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए हुए हैं. कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो रही है. हालांकि, पिछले कुछ दिनों की तुलना में फिलहाल भारी बारिश से लोगों को कुछ राहत मिली है.

मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. कई स्थानों पर गरज और चमक के साथ बौछारें पड सकती हैं. मौसम के इस बदलाव के बीच प्रशासन और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, पिथौरागढ, नैनीताल और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा पर्वतीय जिलों के साथ ऊधम सिंह नगर में भी कुछ जगहों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश होने की आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों और संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने की अपील की है. खासकर पहाडी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक तेज बारिश की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है.


पहाडों में फिर तेज हो सकता है बारिश का दौर

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बुधवार से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में कहीं-कहीं गरज और चमक के साथ तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना जताई है. ऐसे में पहाडी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

प्रदेश में इस समय बारिश की गतिविधि पहाडी क्षेत्रों में अधिक बनी हुई है. पहाडों में गरज के साथ तेज बौछारें पड रही हैं, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश अपेक्षाकृत हल्की है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मैदानी क्षेत्रों में मानसून की सक्रियता कुछ कम हो सकती है, लेकिन पर्वतीय जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.