उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. आज यानी 25 अगस्त को प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. नोएडा और गाजियाबाद में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है. राजधानी लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है.
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से यूपी में मानसूनी गतिविधियां मजबूत हुई हैं. जिसके कारण बारिश होने की संभावना जताई जा रही है.
मानसून पूरे प्रदेश में एक्टिव है, हालांकि इसके बाद भी मौसम विभाग की ओर से कुछ खास जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इनमें झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, रायबरेली, कौशांबी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संत रविदास नगर, मीरजापुर और सोनभद्र समेत आसपास के इलाके शामिल हैं. इन क्षेत्रों में बारिश के दौरान करीब 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं वाराणसी, चंदौली और जौनपुर में कई स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान है.
नोएडा, गाजियाबाद और आगरा में सुबह से बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है. दिन बढ़ने के साथ बारिश की तीव्रता कम हो सकती है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. वहीं राजधानी में लगातार हो रही बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन रही है. साथ ही प्रयागराज के निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि लोगों के राहत के लिए लगातार पानी निकाला जा रहा है, ताकी जल्द से जल्द आम जनजीवन सामान्य पटरी पर आ सके.
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 27 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है. इस दौरान लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है.