Uttarakhand Weather: पहाड़ों में फिर बढ़ा खतरा! चारधाम यात्रा पर मौसम का कहर, देहरादून समेत पांच जिलों में अलर्ट जारी
उत्तराखंड में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है और चारधाम यात्रा भी बाधित हो रही है. यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार तीसरे दिन बंद है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.
देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से सड़क संपर्क बाधित है, जबकि चारधाम यात्रा पर भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग ने देहरादून समेत पांच जिलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. साथ ही आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर की भी चेतावनी दी गई है.
राज्य में बीते कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है. हालांकि रविवार को अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश की तीव्रता कुछ कम रही, लेकिन पहले हुई वर्षा के कारण हालात अब भी चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. कई जगहों पर सड़कें बंद हैं और प्रशासन उन्हें खोलने के लिए राहत एवं बहाली कार्य में लगातार जुटा हुआ है.
कहां दिखा सबसे ज्यादा असर?
सबसे अधिक असर यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर देखने को मिल रहा है. भूस्खलन और मलबा आने के कारण यह मार्ग लगातार तीसरे दिन भी बंद रहा. इससे चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अन्य पर्वतीय मार्गों पर भी बार बार मलबा आने से यातायात प्रभावित हो रहा है और कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी है.
Also Read
- उत्तराखंड के जंगल में मिला विशाल हाथी टस्कर का शव, साथी हाथियों ने मचाया उत्पात; वन विभाग की बढ़ी चिंता
- कुमाऊं विश्वविद्यालय में एडमिशन की होड़, इस कोर्स के लिए उमड़े सबसे ज्यादा छात्र; जानिए किस विषय की सबसे अधिक डिमांड
- बदरी-केदार की धरती पर आज भी गूंजती है पांडवों की अमर गाथा, गढ़वाल का नृत्य बना आस्था और संस्कृति की पहचान
मैदानी क्षेत्रों में भी लगातार बारिश के कारण नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ गया है. निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका बनी हुई है. प्रशासन ने लोगों से नदी और नालों के किनारे जाने से बचने तथा मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है.
राजधानी में कैसा था मौसम?
राजधानी देहरादून में रविवार सुबह तेज धूप निकली लेकिन दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और बादल छा गए. शहर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. बारिश के बावजूद दिनभर उमस बनी रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
मौसम विभाग ने क्या बताया?
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज राज्य के पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों और मैदानी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा पर्वतीय इलाकों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना भी जताई गई है.