menu-icon
India Daily

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’: 2.67 लाख छात्रों ने सीएम धामी को बताया कैसा हो भविष्य का प्रदेश, विकास से रोजगार तक दिए सुझाव

‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में 2,67,744 विद्यार्थियों ने राज्य के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’: 2.67 लाख छात्रों ने सीएम धामी को बताया कैसा हो भविष्य का प्रदेश, विकास से रोजगार तक दिए सुझाव
Courtesy: AI

उत्तराखंड के युवाओं ने अपने सपनों के प्रदेश की तस्वीर सामने रखी है. कक्षा 11वीं और 12वीं के 2.67 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान में हिस्सा लिया. छात्रों ने विकास से जुड़े अलग-अलग मुद्दों पर अपने विचार दिए हैं, जिनका अब मूल्यांकन किया जा रहा है.

2.67 लाख से ज्यादा छात्रों ने बताया अपने सपनों का उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू हुए इस अभियान को छात्रों का अच्छा समर्थन मिला. राज्य में कक्षा 11वीं और 12वीं के कुल 2,96,426 विद्यार्थियों में से 2,67,744 ने अपने निबंध पोर्टल पर जमा किए. छात्रों ने पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, पर्यावरण और सामाजिक विकास जैसे मुद्दों पर अपनी सोच रखी. रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और चमोली में सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया. देहरादून में 63,666 में से 47,358 छात्रों ने निबंध भेजे.

युवाओं ने दिए कई सुझाव

इस अभियान में छात्रों ने केवल निबंध नहीं लिखे, बल्कि उत्तराखंड के भविष्य को लेकर अपनी उम्मीदें भी सामने रखीं. किसी ने पर्यटन को बढ़ाने की बात कही तो किसी ने युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनाने पर जोर दिया. शिक्षा, स्वास्थ्य, जंगल और पर्यावरण के साथ तकनीक को लेकर भी सुझाव दिए गए. अब इन विचारों को मुख्यमंत्री और विशेषज्ञों की टीम देख रही है. अभियान में सबसे अच्छे 140 विचार चुने जाएंगे. चयनित छात्रों को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा का मौका भी मिलेगा.

बेहतरीन विचारों का होगा चयन

अभियान में हिस्सा लेने वाले हर विद्यार्थी को डिजिटल प्रमाण पत्र दिया गया है. सरकार ने ब्लॉक, स्कूल और विद्यार्थियों से जुड़ा पूरा डेटा भी तैयार किया है. इससे अभियान में शामिल छात्रों की जानकारी व्यवस्थित तरीके से रखी जा रही है. चुने गए विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सीधे बातचीत का अवसर मिलेगा. उन्हें करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद के साथ दूसरे प्रोत्साहन भी दिए जाएंगे. श्रेष्ठ 140 विचारों का परिणाम 16 सितंबर को घोषित किया जाएगा.