Uttarakhand Rain Alert: उत्तराखंड में अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

सोमवार देर शाम देहरादून में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. कुछ ही घंटों में कई इलाकों में पानी भर गया. रायपुर रोड, सर्वे चौक, राजपुर रोड, करनपुर, परेड ग्राउंड, दून अस्पताल और घंटाघर चौक जैसे जगहों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया.

Pinterest
Antima Pal

उत्तराखंड: उत्तराखंड में अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश की संभावना है. इसकी वजह से देहरादून प्रशासन ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है.

उत्तराखंड में अगले 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट

सोमवार देर शाम देहरादून में अचानक तेज बारिश शुरू हो गई. कुछ ही घंटों में कई इलाकों में पानी भर गया. रायपुर रोड, सर्वे चौक, राजपुर रोड, करनपुर, परेड ग्राउंड, दून अस्पताल और घंटाघर चौक जैसे जगहों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया. सड़कों पर वाहन धीरे-धीरे चलने लगे. लोग परेशान नजर आए. रात करीब साढ़े आठ बजे द्रोणपुरी इलाके से जलभराव की शिकायत आपदा नियंत्रण कक्ष में आई. इसके बाद तुरंत क्विक रिस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंची. नगर निगम और जिला प्रशासन ने स्थिति संभालने के लिए काम शुरू कर दिया.

देहरादून में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि दो सितंबर तक प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट है. एक सितंबर को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार को वॉच श्रेणी में रखा गया है. दो सितंबर को देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है.


इस साल अगस्त में देहरादून में सामान्य से थोड़ी ज्यादा बारिश हुई है. सामान्य 498.4 मिलीमीटर के मुकाबले लगभग 518.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. भारी बारिश की वजह से कई जगह सड़कें प्रभावित हुईं. रायपुर क्षेत्र में गुच्चूपानी-गंडक मार्ग पर मलबा आने से सड़क बंद हो गई. दून-मसूरी रोड पर भी मलबा गिरा. सहसपुर के छरबा गांव में एक घर पर बिजली गिरी. सौभाग्य से किसी के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ.

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ऋषभ कुमार ने बताया कि प्रशासन सभी जरूरी इंतजाम कर रहा है. लोगों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें. अनावश्यक बाहर न निकलें और मौसम विभाग के अलर्ट पर ध्यान दें. मौसम खराब रहने की वजह से मंगलवार को देहरादून के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी गई है. प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया.

पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना रहता है. इसलिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सलाह दी गई है कि वे सतर्क रहें. अगर किसी जगह जलभराव या सड़क बंद होने की जानकारी हो तो तुरंत आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें.