उत्तराखंड में आग उगल रहा आसमान, अगले 72 घंटे और भारी; ऑरेंज अलर्ट ने बढ़ाई चिंता
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में इन दिनों गर्मी का कहर चरम पर है. देहरादून में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और ऊधमसिंह नगर में 38.9 डिग्री दर्ज किया गया है.
उत्तराखंड में इस वक्त सूरज जैसे आग बरसा रहा हो. मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और शुष्क हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. दोपहर होते-होते सड़कें सुनसान हो जाती हैं और लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हैं. राजधानी देहरादून भी इस तपिश से अछूती नहीं रही. यहां भी पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा, जो आने वाले दिनों में और ऊपर जाने की आशंका है.
मैदानों में धधक रही गर्मी, पहाड़ों को मामूली राहत
उत्तराखंड के मैदानी जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान सामान्य से कहीं अधिक रिकॉर्ड किया गया. ऊधमसिंह नगर में पारा 38.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जबकि देहरादून में 37 डिग्री दर्ज हुआ. इसके उलट पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा. मुक्तेश्वर में अधिकतम 26.4 और नई टिहरी में 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मैदानों की तुलना में काफी राहतभरा है.
अगले तीन दिन और तपेगा उत्तराखंड
मौसम विभाग की मानें तो राहत अभी दूर है. विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दो से तीन दिनों में राज्य में अधिकतम तापमान एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है. सोमवार को देहरादून में सुबह से धूप खिली रही और दिन चढ़ते-चढ़ते गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं. अगले दो दिन मौसम इसी तरह शुष्क और तीखा बने रहने का अनुमान है.
इन पहाड़ी जिलों में बारिश की संभावना
जहां मैदान तप रहे हैं, वहीं कुछ पर्वतीय जिलों को हल्की राहत मिल सकती है. मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा या गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है. हालांकि बाकी जिलों में मौसम शुष्क ही रहेगा और उमस तथा गर्मी का दोहरा बोझ लोगों को झेलना पड़ सकता है.
गुरुवार का ऑरेंज अलर्ट-तूफान और ओले का खतरा
सबसे अहम चेतावनी गुरुवार के लिए है. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है. लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.