Uttarakhand Weather: गर्मी से बेहाल उत्तराखंड, पहाड़ों में बारिश के आसार; जल्द होगी मानसून की एंट्री
उत्तराखंड में मानसून के आने का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन उससे पहले भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मैदानों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है.
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के आने का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन उससे पहले भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मैदानों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है. हालांकि कुछ जिलों में हल्की बारिश हो रही है, लेकिन इससे राहत केवल कुछ समय के लिए ही मिल रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में मानसून प्रदेश में दस्तक दे सकता है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने की उम्मीद है.
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कई पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और अगले तीन से चार दिनों में उत्तराखंड तक पहुंच सकता है.
पहाड़ों में बारिश, लेकिन उमस बरकरार
प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में बीच-बीच में बारिश होने से तापमान में थोड़ी गिरावट जरूर दर्ज की जा रही है, लेकिन बारिश थमते ही उमस लोगों को परेशान कर रही है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून पूरी तरह सक्रिय होने के बाद ही लगातार बारिश का दौर शुरू होगा और गर्मी से वास्तविक राहत मिलेगी.
Also Read
गर्मी के चलते बढ़ी बिजली की खपत
तेज गर्मी का असर बिजली की मांग पर भी साफ दिखाई दे रहा है. जून की शुरुआत में जहां प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 4.6 करोड़ यूनिट बिजली की मांग थी, वहीं अब यह बढ़कर 6.5 करोड़ यूनिट तक पहुंच गई है. लगातार बढ़ती बिजली खपत बिजली व्यवस्था के लिए भी चुनौती बनती जा रही है.
मानसून से राहत की उम्मीद
मौसम विभाग का कहना है कि यदि मानसून तय समय के अनुसार उत्तराखंड पहुंचता है, तो अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. इससे न केवल तापमान में गिरावट आएगी, बल्कि उमस से भी राहत मिलेगी. फिलहाल लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने और मौसम विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.