उत्तराखंड के युवाओं के लिए खुशखबरी, 63 पीसीएस पदों पर जल्द आएगा भर्ती विज्ञापन; जानें पूरा डिटेल
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को पीसीएस के 63 रिक्त पदों का प्रस्ताव मिल चुका है और जल्द ही भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा. चलिए जानते हैं पूरा डिटेल.
देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. राज्य लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) जल्द ही अपर पीसीएस के 63 रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी करने जा रहा है. लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने आधिकारिक सूचना जारी कर तैयारी तेज करने की सलाह दी है. आयोग के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित है.
राज्य लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि विभिन्न विभागों से पीसीएस के 63 रिक्त पदों का प्रस्ताव आयोग को प्राप्त हो चुका है. इन प्रस्तावों का अध्ययन और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है. इसके बाद जल्द ही भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी किया जाएगा. विज्ञापन जारी होने के साथ ही आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आयु सीमा, परीक्षा योजना और महत्वपूर्ण तिथियों की जानकारी भी उपलब्ध करा दी जाएगी.
आयोग ने अभ्यर्थियों से क्या अपील?
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे विज्ञापन का इंतजार करने के बजाय अभी से अपनी तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दें. क्योंकि प्रारंभिक परीक्षा अक्टूबर में प्रस्तावित है, ऐसे में उम्मीदवारों के पास तैयारी के लिए सीमित समय बचा है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच इस सूचना से उत्साह बढ़ गया है.
Also Read
- उत्तराखंड के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, 310 डॉक्टरों के तबादले से पहाड़ों में भी मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
- पारदर्शी भर्ती से 33,000 नौकरियां, अब युवा बनेंगे रोजगार देने वाले! CM धामी का संदेश
- 9 स्वरूप, 12 लीलाएं और दिव्य शक्ति! उत्तराखंड का नया आध्यात्मिक आकर्षण बना हनुमान धाम, CM ने की दर्शन की अपील
उत्तराखंड में पीसीएस भर्ती को सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में माना जाता है. इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न प्रशासनिक और राजपत्रित पदों पर नियुक्तियां की जाती हैं. हर वर्ष बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं. लंबे समय से नई भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह घोषणा राहत भरी मानी जा रही है.
और कौन-कौन सी होने वाली हैं महत्वपूर्ण परीक्षाएं?
इसी के साथ राज्य लोक सेवा आयोग ने एक अन्य महत्वपूर्ण परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी किया है. हाईकोर्ट में सहायक समीक्षा अधिकारी, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, अनुवादक और टाइपिस्ट के कुल 24 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 19 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी केंद्रों पर संपन्न होगी.
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा के प्रवेश पत्र 4 जुलाई 2026 को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे. किसी भी अभ्यर्थी को डाक के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा. सभी उम्मीदवारों को आयोग की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करना होगा. आयोग ने अभ्यर्थियों से समय-समय पर वेबसाइट देखते रहने और सभी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके.