तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा किनारे दो बच्चियों के शव मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
ऋषिकेश में नाव घाट और साईं घाट के पास गंगा किनारे दो अलग-अलग बच्चियों के शव मिले हैं. इनमें एक बच्ची करीब 10 माह की, जबकि दूसरी महज एक दिन की नवजात बताई गई है.
देहरादून: तीर्थनगरी ऋषिकेश में गंगा किनारे अलग-अलग घाटों से दो बच्चियों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. पहली घटना नाव घाट के पास सामने आई, जहां करीब 10 माह की बच्ची का शव बरामद हुआ. वहीं दूसरी घटना साईं घाट की है, जहां महज एक दिन की नवजात बच्ची का शव गंगा किनारे मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस के अनुसार नाव घाट के पास मिले करीब 10 माह की बच्ची के शव को लेकर शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बीमारी या किसी अन्य कारण से मौत के बाद परिजनों ने शव को गंगा में प्रवाहित कर दिया होगा. पुलिस इस संभावना को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि बच्ची का शव गंगा के बहाव के साथ किसी दूसरे स्थान से बहकर ऋषिकेश पहुंचा हो.
कहां की है दूसरी घटना?
दूसरी घटना साईं घाट के पास सामने आई, जहां गंगा किनारे एक दिन की नवजात बच्ची का शव मिला. पुलिस के मुताबिक, नवजात की नाल भी कटी हुई नहीं थी. इस वजह से पुलिस जन्म के तुरंत बाद हुई मौत और शव को घाट पर छोड़े जाने समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल बच्ची की पहचान और मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
Also Read
चौकी प्रभारी ने क्या बताया?
त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार और एएसआई मुकेश शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों बच्चियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई.
पुलिस जन्म, मृत्यु और शवों के घाट तक पहुंचने से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है. आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से भी सुराग तलाशे जा रहे हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.