उत्तराखंड के जंगल में मिला विशाल हाथी टस्कर का शव, साथी हाथियों ने मचाया उत्पात; वन विभाग की बढ़ी चिंता
खटीमा रेंज के उत्तरी बनबसा क्षेत्र में एक टस्कर हाथी मृत मिला है. वन विभाग ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है.
उधम सिंह नगर: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले की खटीमा रेंज में एक टस्कर हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है. हाथी की मौत के बाद उसके साथी हाथियों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं. वन विभाग ने एहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार खटीमा रेंज के उत्तरी बनबसा कंपार्टमेंट नंबर पांच से लगे जंगल में रविवार सुबह एक मृत टस्कर हाथी मिला. सबसे पहले इसकी सूचना वन बीट आरक्षी दीपु सिंह को मिली. सूचना मिलते ही उन्होंने वन क्षेत्र अधिकारी हरेंद्र बिष्ट को जानकारी दी और मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया.
वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने क्या बताया?
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए. हाथी के शव के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो. वन विभाग की टीम ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी है.
Also Read
वन अधिकारियों के अनुसार टस्कर हाथी की मौत के बाद उसके साथी हाथी आसपास के जंगल में लगातार घूमते रहे और कई स्थानों पर उत्पात भी मचाया. ऐसे मामलों में हाथियों का अपने साथी के आसपास बने रहना सामान्य व्यवहार माना जाता है. इसी कारण वन विभाग अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है.
प्रारंभिक जांच में क्या जताई गई आशंका?
खटीमा और कीलपुरा रेंज हाथी कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा माने जाते हैं. इन जंगलों में बड़ी संख्या में जंगली हाथियों की मौजूदगी रहती है. यही कारण है कि हाथियों का झुंड दोनों रेंजों के बीच लगातार आवाजाही करता है. यह झुंड पड़ोसी देश नेपाल के जंगलों तक भी पहुंचता है, जिससे यह क्षेत्र वन्यजीवों के लिए बेहद संवेदनशील माना जाता है.
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि टस्कर हाथी की मौत करंट लगने से हुई हो सकती है. घटनास्थल के आसपास बड़ी मात्रा में मक्के की फसल लगी हुई है. कई बार फसलों की सुरक्षा के लिए लगाए गए अवैध बिजली के तार जंगली हाथियों के लिए जानलेवा साबित होते हैं. हालांकि वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा.
क्या लिया गया एक्शन?
वन क्षेत्र अधिकारी हरेंद्र बिष्ट ने कहा कि फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. विशेषज्ञों की टीम हाथी के शव का परीक्षण करेगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ ही आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि हाथियों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.