उत्तराखंड के कमस्यार घाटी के बनेगांव में धार्मिक पूजा-पाठ के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. तेज आंधी की वजह से एक विशाल चीड़ का पेड़ एक मकान पर गिड़ गया. इस घटना में घर का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कई लोग घायल हो गए.
कमस्यार घाटी के बनेगांव में मंगलवार शाम बंशीधर कांडपाल के घर पर धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था. इस दौरानन घर के आंगन और कमरों में बैठे श्रद्धालु पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन में लीन थे, तभी एक विशाल पेड़ घर पर गिर गया.
मिली जानकारी के मुताबिक शाम के समय में अचानक मौसम में बदलाव आया. जिसकी वजह से एक विशालकाय पेड़ टूटकर मकान पर गिर गया. देखते ही देखते घर के अंदर चल रहा उत्सव एक मातम के रूप में बदल गया. वहां मौजूद सभी लोग चिल्लाने लगें. हालांकि इस घटना में किसी व्यक्ति की मौत की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन घर के भीतर मौजूद महिलाएं और परिवार के अन्य सदस्यों को चोट लगी है.
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्तियों को मलबे से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. ग्रामीणों के अनुसार, यदि हादसा कुछ मिनट पहले या बाद में होता तो जनहानि और भी अधिक हो सकती थी, क्योंकि अभी कुछ लोगों और इस पूजा में शामिल होने वाले थे.
घटना में मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, इसके अलावा घर में रखा घरेलू सामान, अनाज और अन्य जरूरी वस्तुएं भी मलबे में दब गईं. अब परिवार को अपने दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भी काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों ने परिवार वालों की परेशानियों को देखते हुए सरकार से तत्काल राहत और आर्थिक सहायता की मांग की है. उनका कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण परिवार आर्थिक और मानसिक दोनों तरह के संकट से गुजर रहा है.