हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा, पानी की टंकी में दम घुटने से मां और दो बेटों की मौत
उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई. नए बने पानी के टैंक में उतरने के दौरान ऑक्सीजन की कमी या जहरीली गैस की आशंका के चलते पहले बेटा बेहोश हुआ, फिर उसे बचाने उतरी मां और दूसरा बेटा भी जान गंवा बैठे. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
उत्तराखंड के हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र के मानपुर पश्चिम गांव में मंगलवार को एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की पानी की टंकी के भीतर दम घुटने से मौत हो गई. मृतकों में 55 वर्षीय सरस्वती देवी और उनके दो बेटे शामिल हैं.
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरस्वती देवी ने अपने घर में हाल ही में पानी की नई टंकी का निर्माण कराया था. मंगलवार को टंकी की शटरिंग हटाने के लिए उनका बड़ा बेटा उसके भीतर उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं लौटा.
बेटे को बचाने गई मां और दूसरा बेटा भी हादसे का शिकार
जब बड़े बेटे के बाहर नहीं आने पर परिवार को चिंता हुई तो सरस्वती देवी उसे देखने के लिए टंकी के अंदर उतर गईं. हालांकि कुछ ही देर में वह भी बाहर नहीं आईं. इसके बाद छोटे बेटे ने मां और बड़े भाई को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी टंकी के भीतर उतरते ही बेहोश हो गया. बताया जा रहा है कि बंद टंकी के अंदर ऑक्सीजन की कमी या किसी जहरीली गैस की मौजूदगी के कारण तीनों की सांस रुक गई और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा कुछ ही मिनटों में पूरे परिवार पर भारी पड़ गया.
Also Read
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित किया
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने काफी प्रयास के बाद तीनों को टंकी से बाहर निकाला और तत्काल हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बंद टंकी के भीतर ऑक्सीजन की कमी या किसी जहरीली गैस की मौजूदगी की आशंका सामने आ रही है. हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.