उत्तराखंड में हिंसक कुत्तों का आतंक, 10 स्कूल बंद; 600 से ज्यादा बच्चों कर रहे ऑनलाइन पढ़ाई

उत्तराखंड के चमोली जिले में हिंसक कुत्तों के हमलों से 11 लोग घायल हुए हैं. बच्चों की सुरक्षा के लिए नारायणबगड़ के 10 स्कूल बंद किए गए हैं और 600 से ज्यादा बच्चे ऑनलाइन पढ़ रहे हैं.

X
Ashutosh Rai

चमोली के नारायणबगड़ क्षेत्र में कुत्तों के बढ़ते हमलों से लोगों में डर का माहौल है. अब तक 11 लोग घायल हो चुके हैं. बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए 10 स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है. इस दौरान 600 से ज्यादा बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन जारी रखी जा रही है.

कुत्तों के हमलों के बाद 10 स्कूलों में छुट्टी

नारायणबगड़ क्षेत्र में लगातार कुत्तों के हमलों को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के लिए 10 स्कूल बंद करने का फैसला लिया. चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने छुट्टी का आदेश जारी किया. पहले 20 से 23 अगस्त तक चार दिन स्कूल बंद रखने की बात कही गई थी. बाद में इसे घटाकर दो दिन कर दिया गया. स्कूल बंद होने के कारण 600 से ज्यादा बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जा रही है. स्थानीय लोग भी कुत्तों के डर से घर से बाहर निकलते समय हाथ में डंडा लेकर चल रहे हैं.

वन विभाग की टीम ने तीन कुत्ते पकड़े

हिंसक कुत्तों को पकड़ने के लिए वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी QRT को अभियान में लगाया गया है. टीम अब तक तीन कुत्तों को पकड़ चुकी है और इलाके में अभियान जारी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि एक पागल कुत्ते ने दूसरे कुत्तों को काटा था, जिसके बाद इलाके में कई कुत्ते आक्रामक हो गए. हालांकि, इस दावे की अभी प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. लगातार हो रहे हमलों के कारण लोगों में चिंता बढ़ गई है और प्रशासन का मुख्य ध्यान अब बच्चों और आम लोगों को सुरक्षित रखने के साथ हिंसक कुत्तों को पकड़ने पर है.


तीन दिनों में बच्चों समेत 11 लोग घायल

स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार और सोमवार को तीन लोग कुत्तों के हमले में घायल हुए थे. मंगलवार को स्कूली बच्चों समेत चार लोगों को कुत्तों ने काट लिया. बुधवार को तीन स्कूली बच्चों सहित चार और लोगों पर हमला हुआ. हाल में घायल हुए दीपांशु बिष्ट, मानवी, वैष्णवी, मजदूर प्रकाश और पंती गांव की लक्ष्मी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए. लगातार बढ़ते मामलों ने पूरे इलाके में डर बढ़ा दिया है. फिलहाल वन विभाग की टीम कुत्तों को पकड़ने में जुटी है. वहीं स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई ऑनलाइन जारी रखी जा रही है.