IMD Weather

CM धामी के कार्यकाल के 5 साल पूरे, उत्तरकाशी के काशी विश्वनाथ मंदिर में हुआ विशेष अनुष्ठान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पांच वर्ष पूरे होने पर उत्तरकाशी के श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान हुआ. प्रदेश की प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की गई.

@DIPR_UK
Sagar Bhardwaj

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री पद पर पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तरकाशी स्थित श्री काशी विश्वनाथ एवं शक्ति मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री के नाम से संकल्प लेकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की गई. साथ ही उत्तराखंड की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के कार्यों को नई गति मिलने के लिए भी प्रार्थना की गई. कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक, मां शक्ति का पाठ और हवन-पूजन संपन्न हुआ.

 पांच वर्षों की उपलब्धियों का किया उल्लेख

कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने बीते पांच वर्षों में सुशासन, विकास और जनसेवा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं. समान नागरिक संहिता लागू करने, नकलरोधी कानून, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निवेश बढ़ाने और सीमांत क्षेत्रों के विकास जैसे फैसलों का उल्लेख किया गया. इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे.