संकट में नेपाल को मिला देहरादून का साथ, मृतकों के लिए की गई प्रार्थना और जुटाई जा रही राहत राशि

नेपाल में आई आपदा के बाद देहरादून के लोगों ने पीड़ितों की मदद के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाया है. घंटाघर पर भाजपा गोरखा प्रकोष्ठ ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और राहत राशि जुटाई.

@Rainmaker1973 X Account
Km Jaya

देहरादून: नेपाल में आई भीषण आपदा ने देहरादून के लोगों को भी भावुक कर दिया है. संकट की इस घड़ी में दूनवासियों ने नेपाल के आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाया है. विभिन्न संगठनों की ओर से श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की गईं और आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई.

देहरादून के घंटाघर पर भाजपा गोरखा प्रकोष्ठ की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई. इस दौरान नेपाल में आई आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई गई. कार्यक्रम में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई. साथ ही पीड़ित परिवारों की मदद के लिए सहयोग राशि भी जुटाई गई.

भारत-नेपाल के रिश्तों का किया जिक्र

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंध हैं. नेपाल में आई आपदा से भारत के लोग भी दुखी हैं और विशेष रूप से गोरखा समाज इस त्रासदी से व्यथित है.


वक्ताओं ने क्या कहा?

वक्ताओं ने कहा कि आपदा के समय पीड़ितों की सहायता करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता का दायित्व भी है. उन्होंने लोगों से अपनी क्षमता के अनुसार नेपाल के आपदा प्रभावित परिवारों की मदद करने की अपील की.

उन्होंने कहा कि राहत और पुनर्वास के प्रयासों में समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए. आर्थिक सहयोग के साथ जरूरतमंद लोगों तक जरूरी राहत सामग्री पहुंचाना भी महत्वपूर्ण है. श्रद्धांजलि सभा में अभिषेक शाही, राजेश क्षेत्री, राजीव गुरुंग, पारस थापा, वरुण क्षेत्री सहित कई लोग मौजूद रहे.

राहत के लिए QR Code से जुटाएंगे सहयोग

गोरखा महिला हरितालिका तीज उत्सव कमेटी ने भी नेपाल में आई भीषण आपदा पर दुख जताया है. कमेटी की ओर से राहत के लिए सहयोग जुटाने के उद्देश्य से QR Code जारी किया गया है. कमेटी ने लोगों से इस माध्यम से आर्थिक सहयोग करने की अपील की है. जुटाई गई राहत राशि नेपाल भेजने की बात कही गई है. कमेटी से जुड़ी माया पंवार, प्रभा शाह, ज्योति कोटिया और वंदना बिष्ट सहित अन्य लोग इस पहल में शामिल हैं.

नेपाल में आई आपदा ने किया प्रभावित

नेपाल में आई आपदा ने बड़ी संख्या में परिवारों को प्रभावित किया है. ऐसे समय में देहरादून के लोगों और विभिन्न संगठनों की ओर से मदद के लिए आगे आना भारत-नेपाल के मजबूत सामाजिक और पारिवारिक रिश्तों की मिसाल है. दूनवासियों ने लोगों से अपील की है कि संकट की इस घड़ी में नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हों और अपनी क्षमता के अनुसार राहत कार्यों में योगदान दें.