उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, 7 जिलों में यलो अलर्ट; अगले सप्ताह धीमा पड़ सकता है मानसून

उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग ने रविवार को सात जिलों में भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, अगले सप्ताह राज्य में मानसून की गतिविधियां कुछ धीमी पड़ने का अनुमान है.

ANI
Shanu Sharma

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में तेज बौछारें पड़ रही हैं. 

कुमाऊं मंडल के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि देहरादून में भी बारिश का तेज दौर देखने को मिला. हालांकि बाद में बारिश की रफ्तार कम हुई, लेकिन शाम तक बादलों की आवाजाही बनी रही. 

सात जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारों का पूर्वानुमान जारी किया है. इस दौरान देहरादून, टिहरी, पिथौरागढ़, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है. इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है.


इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से बहुत तेज दौर आने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.

नदी-नालों से दूर रहने की सलाह

बारिश के दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है. खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के दौरान स्थानीय स्तर पर मौसम तेजी से बदल सकता है. ऐसे में अनावश्यक यात्रा से बचना और मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखना जरूरी है.

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं, मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर ही बारिश के दौर देखने को मिलेंगे. अगले एक सप्ताह में प्रदेश में मानसून की गतिविधि कुछ धीमी पड़ने का अनुमान है. इसका असर मैदानी इलाकों में अधिक दिखाई दे सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय मौसम के कारण कहीं-कहीं बारिश और बौछारों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.