राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून में करेंगे छात्रों से सीधा संवाद, जानें किन-किन मुद्दों पर होगी बात
राहुल गांधी 17 जुलाई को देहरादून में प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत छात्रों और युवाओं से संवाद कर सकते हैं. कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और भर्ती में देरी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी.
देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जुलाई को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रस्तावित दौरे पर छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद कर सकते हैं. कांग्रेस इस कार्यक्रम को लेकर तेजी से तैयारियों में जुट गई है. पार्टी ने आयोजन के लिए परेड ग्राउंड को पहली पसंद बनाया है और इसके लिए प्रशासन से अनुमति मांगी गई है.
हालांकि कार्यक्रम स्थल पर अंतिम फैसला प्रशासन की स्वीकृति और अन्य व्यवस्थाओं के बाद ही होगा. कांग्रेस का उद्देश्य इस कार्यक्रम के जरिए छात्रों और युवाओं की समस्याओं को सीधे सुनना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है. फिलहाल कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा और अंतिम कार्यक्रम का इंतजार किया जा रहा है.
क्या है प्लानिंग?
कांग्रेस इस कार्यक्रम को अपने राष्ट्रीय अभियान 'छात्रों की गूंज' के तहत आयोजित करने की तैयारी कर रही है. इस अभियान का मकसद छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधे संवाद करना है. हाल ही में राजस्थान के कोटा में राहुल गांधी ने इसी अभियान के तहत छात्रों से लंबी बातचीत की थी.
Also Read
अब उसी मॉडल को उत्तराखंड में लागू करने की योजना बनाई जा रही है. पार्टी चाहती है कि यह कार्यक्रम राजनीतिक रैली के बजाय युवाओं की समस्याओं पर खुला संवाद बने.
क्या-क्या की गई हैं तैयारियां?
पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी की कोर टीम के सात से आठ सदस्य देहरादून पहुंच चुके हैं. टीम संभावित आयोजन स्थल का निरीक्षण करने के साथ सुरक्षा, मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों की समीक्षा कर रही है. इसके अलावा स्थानीय कांग्रेस नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें भी की जा रही हैं ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके.
कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक, सरकारी भर्तियों में देरी, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.
क्या है इस कार्यक्रम की खास बात?
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह होगी कि इसमें केवल भाषण नहीं बल्कि सवाल जवाब का सत्र भी प्रस्तावित है. छात्र अपनी समस्याएं, सुझाव और सवाल सीधे राहुल गांधी के सामने रख सकेंगे. कांग्रेस का दावा है कि यह उत्तराखंड में अब तक का सबसे बड़ा युवा संवाद कार्यक्रम हो सकता है.
कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्रों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पार्टी छात्र संगठनों, युवा कार्यकर्ताओं और विभिन्न शिक्षण संस्थानों से संपर्क कर रही है. कांग्रेस चाहती है कि यह आयोजन युवाओं की आवाज को मजबूत मंच प्रदान करे और शिक्षा व रोजगार से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हो.