दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस, हिरासत से बचने के लिए पिया बॉडी वॉश
भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को दुष्कर्म और अन्य गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी से पहले उन्होंने कथित रूप से बॉडी वाश पी लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई.
भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे की गिरफ्तारी के दौरान मंगलवार देर रात काफी हंगामा हुआ. पुलिस को लंबे समय से उनकी तलाश थी. घर लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उनके आवास पर दबिश दी. इस दौरान आरोपित और उसके परिजनों ने कार्रवाई का विरोध किया.
आरोप है कि नरेश पांडे ने खुद को घर के भीतर बंद कर लिया और फेसबुक लाइव के जरिए पुलिस पर परिजनों के साथ मारपीट समेत कई गंभीर आरोप लगाए. फेसबुक लाइव के दौरान उन्होंने कथित रूप से जहरीला पदार्थ पीने का भी दावा किया. पुलिस के अनुसार, करीब आधे घंटे तक चले विरोध और समझाइश के बाद उन्हें हिरासत में लेकर नैनीताल ले जाया गया.
रास्ते में बिगड़ी तबीयत, मुंह से निकलने लगा झाग
पुलिस जब आरोपित को नैनीताल लेकर पहुंची तो कोतवाली ले जाने के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. उसके मुंह से झाग निकलने लगा, जिससे पुलिसकर्मी भी चिंतित हो गए. तत्काल उसे बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू करने का प्रयास किया. हालांकि अस्पताल में भी आरोपित ने जांच और उपचार में सहयोग नहीं किया. विरोध और हंगामे के कारण चिकित्सकों को पूरी चिकित्सीय जांच करने में कठिनाई हुई. इसके बाद बेहतर उपचार और आवश्यक जांच के लिए उसे सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया.
Also Read
बॉडी वाश पीने की आशंका
बीडी पांडे अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, मरीज के मुंह से झाग निकल रहा था, लेकिन जांच में सहयोग नहीं मिलने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उसने कौन सा पदार्थ सेवन किया था. प्रारंभिक जानकारी में उसके द्वारा बॉडी वाश पीने की बात सामने आई है. अब मामले की पुष्टि फोरेंसिक जांच और चिकित्सीय परीक्षण के बाद ही हो सकेगी.
नरेश पांडे के खिलाफ एक छात्रा ने दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए मल्लीताल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था. मामले में विभिन्न धाराओं के तहत जांच चल रही है. आरोपित ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, लेकिन उसे राहत नहीं मिली. इसके बाद मामला जिला न्यायालय में विचाराधीन है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित को कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया है. चिकित्सीय जांच पूरी होने और स्वास्थ्य में सुधार के बाद उससे आगे की पूछताछ की जाएगी. वहीं, पूरे मामले की जांच कानून के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही है.