'रक्तदान महादान है...' विश्व रक्तदाता दिवस पर CM धामी का खास संदेश, ब्लड डोनेट की लगाई गुहार

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए रक्तदान के महत्व को रेखांकित किया.

Pinterest & ANI
Meenu Singh

विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए रक्तदान के महत्व को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का ऐसा कार्य है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने की क्षमता रखता है. मुख्यमंत्री का यह संदेश लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा संदेश में सभी नागरिकों को विश्व रक्तदाता दिवस की बधाई दी. उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि यह एक ऐसा योगदान है, जिससे किसी मरीज की जिंदगी बचाई जा सकती है और उसके परिवार में फिर से खुशियां लौट सकती हैं. उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील भी की.

CM धामी ने रक्तदान करने के लिए किया प्रेरित 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से रक्त दान करने की अपील की है. उन्होंने अपने आधिकारिक अकाउंट पर लिखा कि, 'आप सभी को विश्व रक्तदाता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. रक्तदान महादान है, जो किसी को नया जीवन दे सकता है और उनके परिवारों में खुशियां लौटा सकता है. आइए, विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर हम सभी रक्तदान करने का संकल्प लें और मानवता की इस महान सेवा में अपना योगदान दें.'


 

रक्तदान क्यों है सबसे बड़ा दान?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है. दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, सर्जरी और प्रसव जैसी परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी होता है. ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदाता समाज की जीवनरेखा साबित होते हैं. एक यूनिट रक्त कई लोगों की जान बचाने में मदद कर सकता है

जागरूकता बढ़ाने का अवसर

विश्व रक्तदाता दिवस का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है. इस दिन विभिन्न संस्थाओं और स्वास्थ्य संगठनों द्वारा रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाता है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें.