भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इन दिनों उत्तराखंड के दौरे पर हैं. गुरुवार को नैनीताल भ्रमण के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बेरीपड़ाव स्थित श्री महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर में पूजा-अर्चना की. इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु भी मौजूद रहे.
नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बरेली रोड स्थित श्री महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर में विधि-विधान से पूजा की. इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट और अनिल बलूनी मौजूद रहे. कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत कई अन्य जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु भी मंदिर परिसर में उपस्थित रहे.
पूजा के बाद नितिन नबीन ने उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की गहरी छाप देखने के लिए उत्तराखंड को समझना जरूरी है. उन्होंने कामना की कि यह पवित्र भूमि हमेशा ऊर्जा और आस्था से भरी रहे. नबीन ने शहीदों के योगदान को याद करते हुए कहा कि इस भूमि का तेज उनके पराक्रम से भी जुड़ा है.
हल्द्वानी में भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी आयोजित की गई. इसी बैठक में नितिन नबीन ने उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों का संकेत दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं के सामने लक्ष्य स्पष्ट करते हुए कहा कि देवभूमि से पूरे देश में जीत का संदेश जाना चाहिए. उनके दौरे को चुनावी तैयारियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है.
भाजपा अध्यक्ष ने हल्द्वानी के शुद्धीकरण मामले को लेकर कांग्रेस पर भी हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राजनीतिक साजिश करने का प्रयास किया. नबीन ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी युवाओं को भ्रमित करने और देश का माहौल खराब करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति उत्तराखंड की पहचान और सम्मान को प्रभावित नहीं कर सकती.