निठारी कांड के सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में फांसी लगाकर की आत्महत्या, चाय की दुकान में मिला शव

निठारी कांड के मामलों में आरोपी रहे और बाद में बरी हुए सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह पिछले कुछ दिनों से वहां चाय की दुकान चला रहा था.

@sirajnoorani X Account
Km Jaya

बहुचर्चित निठारी कांड के मामलों में बरी हो चुके सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में रह रहा था और यहां चाय की दुकान चला रहा था. इसी दुकान में उसने फांसी लगाकर जान दे दी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

सुरेंद्र कोली हरिद्वार शहर कोतवाली क्षेत्र के भूपतवाला इलाके में रह रहा था. बताया गया है कि वह पिछले कुछ समय से इसी क्षेत्र में चाय की दुकान चला रहा था. इसी दौरान दुकान के भीतर उसका शव फंदे से लटका मिला. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आत्महत्या के पीछे क्या वजह रही.

क्या है पूरा मामला?

सुरेंद्र कोली का नाम नोएडा के बहुचर्चित निठारी कांड से जुड़ा रहा है. साल 2005-06 के दौरान निठारी इलाके में बच्चों और महिलाओं के लापता होने के कई मामले सामने आए थे. इन घटनाओं की जांच के दौरान 29 दिसंबर 2006 को पुलिस सेक्टर-31 स्थित कारोबारी मोनिंदर सिंह पंढेर की कोठी D-5 तक पहुंची थी.


कोठी के पीछे मौजूद नाले और आसपास के इलाके की तलाशी के दौरान पुलिस को कई मानव खोपड़ियां, हड्डियां, कपड़े और अन्य सामान बरामद हुआ था. इस बरामदगी के बाद मोनिंदर सिंह पंढेर और उसके घरेलू सहायक सुरेंद्र कोली को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद जनवरी 2007 में मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI को सौंप दी गई थी.

जांच के दौरान सुरेंद्र कोली पर क्या-क्या लगे थे आरोप?

निठारी कांड से जुड़े मामलों में गुमशुदगी और अपराध से संबंधित कुल 19 FIR दर्ज की गई थीं. इनमें से 16 मामलों में CBI ने चार्जशीट दाखिल की थी. जांच के दौरान सुरेंद्र कोली पर हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और सबूत मिटाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे.

हालांकि, निठारी कांड से जुड़े मामलों में सुरेंद्र कोली को बाद में अदालतों से राहत मिली और वह कई मामलों में बरी हो गया था. अब हरिद्वार में उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आत्महत्या की वजह और घटना से पहले की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी.