menu-icon
India Daily

मोहर्रम से पहले नैनीताल में हाई अलर्ट, ड्रोन कैमरों से हो रही चौबीस घंटे निगरानी; बढ़ाई गई सुरक्षा

मोहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट पर है. संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जा रही है, जबकि पुलिस ने रातभर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है.

babli
Edited By: Babli Rautela
मोहर्रम से पहले नैनीताल में हाई अलर्ट, ड्रोन कैमरों से हो रही चौबीस घंटे निगरानी; बढ़ाई गई सुरक्षा
Courtesy: AI

नैनीताल: मोहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तराखंड के नैनीताल जिले में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है. जिले के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी शुरू कर दी है ताकि जुलूसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके. पुलिस का उद्देश्य त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है.

नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मल्लीताल, भीमताल, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे तैनात किए हैं. इनकी मदद से जुलूस मार्गों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करना आसान होगा.

देर रात तक चला विशेष चेकिंग अभियान

मोहर्रम से पहले पुलिस ने कानून व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए विशेष नाइट चेकिंग अभियान भी चलाया. बुधवार रात 11 बजे से लेकर सुबह तक जिलेभर में वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की गई. इस दौरान सभी क्षेत्राधिकारी, जोनल अधिकारी, नाइट अधिकारी और चौकी प्रभारी अपने अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करते रहे.

कंट्रोल रूम से हो रही चौबीस घंटे निगरानी

सिटी कंट्रोल रूम को भी पूरी तरह हाई अलर्ट पर रखा गया है. संवेदनशील स्थानों और जुलूस मार्गों से मिलने वाली लाइव फीड की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए पुलिस की अलग अलग टीमें तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके. पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ स्थानीय ताजिया कमेटियों और आयोजकों के साथ भी लगातार संपर्क बनाए रखा है. सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आयोजन समितियों के साथ समन्वय बनाकर रखें और किसी भी तरह की समस्या का समय रहते समाधान करें. इससे आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में मदद मिलेगी.

ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत धार्मिक स्थलों की जांच

नैनीताल पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों की भी गहन जांच की. देर रात से सुबह तक चले अभियान में पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया. वरिष्ठ अधिकारी स्वयं भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने जिलेवासियों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के कोई भी आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री साझा न करें. पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है.