एमडीडीए का अवैध निर्माणों पर बड़ा एक्शन, देहरादून में तीन आवासीय और व्यावसायिक भवन सील

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरणने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शनिवार को शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की. बिना स्वीकृत मानचित्र और नियमों के विपरीत बनाए जा रहे तीन आवासीय एवं व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया.

ANI
Shanu Sharma

राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने शनिवार को तीन अलग-अलग क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की. अभियान के दौरान ऐसे निर्माणों को चिन्हित किया गया, जो बिना स्वीकृत मानचित्र के बनाए जा रहे थे या स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण कार्य किया गया था.

जांच पूरी होने के बाद तीनों भवनों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया. एमडीडीए की इस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप की स्थिति है. प्राधिकरण ने साफ संकेत दिए हैं कि नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

आईटी पार्क के पास व्यावसायिक भवन पर सीलिंग

प्रवर्तन अभियान की शुरुआत धोरण रोड स्थित आईटी पार्क के निकट की गई. यहां पुनीत अग्रवाल द्वारा कराए जा रहे एक व्यावसायिक निर्माण की जांच की गई. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य बिना आवश्यक स्वीकृति के किया जा रहा था. इसके बाद एमडीडीए की टीम ने मौके पर ही भवन को सील कर दिया और निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगा दी. अधिकारियों ने बताया कि निर्माण से संबंधित आवश्यक दस्तावेज और स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके चलते नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की गई.


जमन्नीवाला-सिंगली रोड पर भी कार्रवाई

पहली कार्रवाई के बाद प्रवर्तन दल जमन्नीवाला-सिंगली रोड पहुंचा. यहां अरुण कुमार गुप्ता द्वारा कराए जा रहे व्यावसायिक निर्माण का निरीक्षण किया गया. जांच में यह निर्माण भी प्राधिकरण के निर्धारित मानकों और स्वीकृत योजना के अनुरूप नहीं पाया गया. नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर एमडीडीए अधिकारियों ने भवन को सील कर दिया और आगे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य करने पर रोक लगा दी. तीसरी कार्रवाई पंडितवाड़ी स्थित कैलाश पाम सिटी सोसायटी में की गई. यहां राकेश सुरी द्वारा निर्मित बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर का निरीक्षण किया गया.

नक्शे से अलग निर्माण पर एक्शन

जांच में पाया गया कि निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किया गया है. एमडीडीए ने इसे भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित हिस्से को सील कर दिया. अधिकारियों ने कहा कि स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण करना भी नियमों के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाएगी. एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करने या स्वीकृत नक्शे से हटकर निर्माण कराने वालों के खिलाफ सीलिंग के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर ध्वस्तीकरण जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाएगी.