किच्छा-सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव का बिगुल बजा, 10 सितंबर से नामांकन; 22 को वोटिंग, 24 को आएगा रिजल्ट
ऊधमसिंह नगर की किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष और सदस्यों के चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है. नामांकन 10 सितंबर से शुरू होंगे, मतदान 22 सितंबर और मतगणना 24 सितंबर को होगी.
उत्तराखंड में किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषद के चुनाव का रास्ता साफ हो गया है. राज्य निर्वाचन आयोग ने दोनों निकायों के अध्यक्ष और सदस्यों के निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया है. इसके साथ ही नामांकन, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, मतदान और मतगणना की तारीखें भी तय कर दी गई हैं.
10 सितंबर से शुरू होगा नामांकन
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने ऊधमसिंह नगर जिले की किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषदों के चुनाव की अधिसूचना जारी की है. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक दोनों निकायों के लिए नामांकन पत्र 10 और 11 सितंबर को दाखिल किए जा सकेंगे. नामांकन की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी. चुनाव में नगर स्थानीय निकाय निर्वाचन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तय नियम और प्रक्रिया ही लागू होगी.
12 सितंबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच
नामांकन दाखिल होने के बाद अगले चरण में उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी. 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से जांच की प्रक्रिया शुरू होगी और यह निर्धारित कार्य समाप्त होने तक जारी रहेगी. इसके बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का मौका मिलेगा. नाम वापसी के लिए 13 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है. इसके बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.
Also Read
14 सितंबर को मिलेगा चुनाव चिह्न
नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के अगले दिन यानी 14 सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे. इसके लिए सुबह 10 बजे से निर्धारित कार्य पूरा होने तक प्रक्रिया चलेगी. राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक नामांकन पत्र लेने, उनकी जांच करने, नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटित करने की सभी कार्रवाई संबंधित निर्वाचन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन अधिकारियों की ओर से तय स्थानों पर कराई जाएगी.
22 सितंबर को मतदान, 24 को मतगणना
किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका परिषदों के लिए मतदान 22 सितंबर को कराया जाएगा. मतदाता सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. इसके बाद 24 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और निर्धारित कार्य पूरा होने तक जारी रहेगी. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि चुनाव कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सभी सार्वजनिक अवकाश के दिनों में संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि चुनावी प्रक्रिया तय समय पर पूरी हो सके.