किच्छा चुनाव में स्ट्रांग रूम पर बवाल! विधायक बेहड़ और पूर्व विधायक शुक्ला हिरासत में, समर्थकों की पुलिस से झड़प
किच्छा नगर पालिका चुनाव के दौरान स्ट्रांग रूम के बाहर पर्दे लगाने को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला आमने-सामने आ गए. विवाद, हाथापाई और धरने के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया.
किच्छा नगर पालिका चुनाव में मंगलवार को मतदान के दौरान माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब स्ट्रांग रूम के बाहर लगाए जा रहे पर्दों को लेकर विवाद शुरू हुआ. विधायक तिलक राज बेहड़ ने इसका विरोध किया. बाद में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों में टकराव हो गया.
स्ट्रांग रूम के बाहर पर्दे लगाने पर शुरू हुआ विवाद
मतदान के बीच विधायक तिलक राज बेहड़ को जानकारी मिली कि स्ट्रांग रूम के बाहर पर्दे लगाए जा रहे हैं. वह कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप के साथ मौके पर पहुंचे और इसका विरोध किया. विरोध के बाद पर्दे लगाने का काम रोक दिया गया. इसी दौरान विधायक की रिटर्निंग ऑफिसर हिमांशु कफल्टिया से तीखी बहस हो गई. अधिकारी ने इसे सरकारी काम में बाधा मानते हुए मौके पर मौजूद लोगों को मतगणना स्थल से बाहर जाने को कहा. इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी पहुंच गया.
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला पहुंचे, दोनों पक्ष भिड़े
विवाद के बीच भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने स्ट्रांग रूम के बाहर विधायक बेहड़ की मौजूदगी पर आपत्ति जताई. देखते ही देखते दोनों नेताओं के समर्थक आमने-सामने आ गए और धक्का-मुक्की के बाद हाथापाई की स्थिति बन गई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए विधायक बेहड़ और पूर्व विधायक शुक्ला को समर्थकों के साथ बैरिकेडिंग के बाहर कर दिया.
धरने पर बैठे बेहड़ और शुक्ला, पुलिस से झड़प
बैरिकेडिंग के बाहर आने के बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला वहां से चले गए, जबकि विधायक तिलक राज बेहड़ वहीं धरने पर बैठ गए. कुछ देर बाद शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ वापस पहुंचे और बेहड़ के सामने धरने पर बैठ गए. इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को वहां से हटाने की कोशिश की. शुक्ला और उनके समर्थकों की पुलिस से तीखी बहस और झड़प हुई. शुक्ला ने आरोप लगाया कि पुलिस विधायक बेहड़ के दबाव में कार्रवाई कर रही है.
दोनों नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
पुलिस ने पूर्व विधायक शुक्ला और उनके समर्थकों को वाहन में बैठाकर मौके से हटाया. इसके बाद जब पुलिस विधायक बेहड़ को ले जाने पहुंची तो उन्होंने तबीयत खराब होने की बात कही और वहीं लेट गए. इस दौरान उनके समर्थकों और पुलिस के बीच भी काफी देर तक नोकझोंक हुई. समर्थक उन्हें अपने साथ ले जाने की कोशिश करते रहे, लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं होने दिया. बाद में पुलिस विधायक बेहड़ और उनके समर्थकों को भी हिरासत में लेकर वहां से ले गई.