केदारनाथ में स्वच्छता का बड़ा रिकॉर्ड! सिर्फ 10 दिनों में हटाया गया 9.5 टन कचरा, अभियान की हर तरफ चर्चा
केदारनाथ धाम में चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान ने 10 दिनों में बड़ी सफलता हासिल की है. प्रशासन और सहयोगी संस्थाओं ने मिलकर करीब 9.5 टन प्लास्टिक एवं ठोस कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया.
चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच केदारनाथ धाम को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के प्रयास लगातार जारी हैं. जिला प्रशासन के नेतृत्व में संचालित विशेष अभियान ने कम समय में उल्लेखनीय परिणाम दिए हैं. इससे धाम की पवित्रता और प्राकृतिक सुंदरता को सुरक्षित रखने में मदद मिली है.
स्वच्छता अभियान ने दिखाई बड़ी उपलब्धि
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में केदारनाथ धाम और पैदल यात्रा मार्ग पर चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान ने 18 से 27 जून के बीच महत्वपूर्ण सफलता दर्ज की. प्रशासन, सुलभ इंटरनेशनल और नगर पंचायत केदारनाथ के संयुक्त प्रयासों से कुल 2,332 बैगों में एकत्र किए गए 9,549 किलोग्राम प्लास्टिक और ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया. यह उपलब्धि ऐसे समय में हासिल हुई है जब यात्रा मार्ग पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और स्वच्छता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण बना रहता है.
पर्यावरण मित्रों की मेहनत बनी मिसाल
धाम और यात्रा मार्ग पर तैनात पर्यावरण मित्र कठिन मौसम, ऊंचाई और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद लगातार सफाई कार्य में जुटे हुए हैं. वे प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन और अन्य कचरे को नियमित रूप से एकत्र कर निर्धारित स्थानों तक पहुंचा रहे हैं. उनकी मेहनत के कारण यात्रा मार्ग साफ-सुथरा बना हुआ है और श्रद्धालुओं को भी स्वच्छ वातावरण मिल रहा है.
Also Read
वैज्ञानिक तरीके से हो रहा कूड़ा निस्तारण
प्रशासन की व्यवस्था के तहत एकत्रित कचरे को पहले केदारनाथ से गौरीकुंड तक पहुंचाया जाता है. इसके बाद सोनप्रयाग स्थित आधुनिक काम्पेक्टर के माध्यम से उसका पर्यावरण अनुकूल निस्तारण किया जाता है. जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ की स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालें और स्वच्छ, सुंदर तथा प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें.