menu-icon
India Daily

'पीछे जाओ...’ मनसा देवी मंदिर में 'खूनी' भगदड़, वीडियो में कैद हुआ खौफनाक मंजर

उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित मां मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह अफरातफरी मच गई, जब एक अफवाह ने श्रद्धालुओं के बीच दहशत फैला दी. अफवाह थी कि मंदिर की सीढ़ियों के पास करंट दौड़ रहा है. भीड़ में भगदड़ मच गई, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई और दर्जनों लोग घायल हो गए. घटनास्थल के वीडियो में चीख-पुकार और लोगों को पीछे हटने की अपील करते देखा गया. सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
'पीछे जाओ...’ मनसा देवी मंदिर में 'खूनी' भगदड़, वीडियो में कैद हुआ खौफनाक मंजर
Courtesy: web

रविवार की सुबह हरिद्वार के पवित्र मनसा देवी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए किसी भयावह सपने से कम नहीं रही. श्रद्धालुओं की भारी भीड़, डर की अफवाह और भगदड़ में तब्दील हुई आस्था. इन सबके बीच छह मासूम लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए. इस त्रासदी ने एक बार फिर भीड़ प्रबंधन और अफवाहों से निपटने की सरकारी तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब रविवार की छुट्टी के चलते हजारों श्रद्धालु मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए एकत्रित हुए थे. गौरतलब है कि मंदिर श‍िवालिक पहाड़ियों पर लगभग 500 फीट की ऊंचाई पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए संकरी सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. इतने में अफवाह फैली कि मंदिर की सीढ़ियों के पास करंट दौड़ रहा है. यह सुनते ही लोगों में दहशत फैल गई और भीड़ में भगदड़ मच गई.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मंजर

घटनास्थल के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग एक-दूसरे को पीछे हटने की गुहार लगा रहे हैं- 'पीछे जाओ, पीछे जाओ', लेकिन भीड़ का दबाव इतना ज्यादा था कि कोई आगे या पीछे नहीं हो सका. एक और वीडियो में दिखाया गया कि बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग बुरी तरह भीड़ में फंसे हुए हैं और दम घुटने की स्थिति पैदा हो गई थी.

प्रशासन की प्रतिक्रिया और कार्रवाई

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि करीब 35 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से 6 की मौत हो गई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना को लेकर गहरा दुख जताया और मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर शोक जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.