23 साल पुराने 'जैनी प्रकरण' पर बवाल! हरक सिंह रावत ने BJP पर लगाया साजिश का आरोप, DNA टेस्ट को लेकर दी बड़ी चुनौती

उत्तराखंड की राजनीति में 23 साल पुराना बहुचर्चित 'जैनी प्रकरण' एक बार फिर गरमा गया है. मामले में लगे गंभीर आरोपों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने आक्रामक रुख अपनाते हुए अपना पक्ष रखा है.

India Daily 24x7
Shilpa Srivastava

उत्तराखंड की राजनीति में 23 साल पुराना बहुचर्चित 'जैनी प्रकरण' एक बार फिर गरमा गया है. मामले में लगे गंभीर आरोपों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने आक्रामक रुख अपनाते हुए अपना पक्ष रखा है. हरक सिंह रावत ने खुद को पूरी तरह निर्दोष बताते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं पर उनके खिलाफ गहरी राजनीतिक साजिश रचने का बड़ा आरोप लगाया है.

‘​भाजपा नेताओं ने पहले भी खून के आंसू रुलाए’:

​हरक सिंह रावत ने कहा कि साल 2003 में भी उनके खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया था, जिससे उनका काफी कीमती समय खराब हुआ. उन्होंने दर्द बयां करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने उन्हें पहले भी खून के आंसू रुलाए थे और अब एक बार फिर उन्हें निशाना बनाने की साजिश रची जा रही है.

​हरक सिंह ने पूरे विश्वास के साथ कहा, "मैं पूरी तरह निर्दोष हूं और किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हूं. अगर निष्पक्ष जांच में मैं दोषी पाया जाता हूं, तो राजनीति से हमेशा के लिए संन्यास ले लूंगा." हालांकि, उन्होंने शर्त रखी कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होनी चाहिए क्योंकि अब उन्हें किसी जांच एजेंसी पर भरोसा नहीं रह गया है.


​अंकिता भंडारी हत्याकांड का उठाया मुद्दा, कोर्ट की निगरानी में DNA टेस्ट की मांग:

​मामले में DNA टेस्ट की उठ रही मांगों पर पलटवार करते हुए हरक सिंह रावत ने राज्य सरकार की नीयत पर सवाल उठाए. उन्होंने चार साल पुराने चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को सबसे पहले अंकिता को न्याय दिलाने के लिए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए.

​हरक ने कहा कि वह अपना DNA टेस्ट कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन यह जांच माननीय न्यायालय की देख-रेख में होनी चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए मांग की कि सिर्फ वही क्यों, कुछ अन्य संदिग्ध भाजपा नेताओं की भी DNA जांच कराई जानी चाहिए.

​क्या है पूरा मामला?

​जैनी प्रकरण वर्ष 2003 का उत्तराखंड की राजनीति का एक बेहद चर्चित मामला है. असम की इंद्राणी देवड़ी ('जैनी') ने देहरादून में बच्चे को जन्म देकर तत्कालीन राजस्व मंत्री हरक सिंह रावत पर पिता होने का आरोप लगाया था. इस गंभीर मामले के मीडिया में तूल पकड़ने और चौतरफा दबाव के बाद हरक सिंह रावत को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था.राज्य सरकार ने आरोपों की निष्पक्ष जांच का जिम्मा CBI को सौंपा था. 

मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए हरक सिंह रावत और बच्चे का DNA सैंपल टेस्ट कराया गया था. DNA रिपोर्ट मैच न होने पर CBI ने डॉ. हरक सिंह रावत को मामले में पूरी तरह क्लीन चिट दे दी थी. बेदाग साबित होने के बाद हरक सिंह रावत की एन.डी. तिवारी मंत्रिमंडल में दोबारा वापसी हो गई थी.  वर्ष 2026 में (लगभग 23 साल बाद) जैनी ने दोबारा मीडिया के सामने आकर पुराने DNA टेस्ट पर सवाल उठाए.

जैनी ने बच्चे के जैविक पिता की पहचान के लिए मामले की दोबारा नार्को व निष्पक्ष DNA जांच की मांग की है. हरक सिंह रावत ने इन नए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए इसे अपनी छवि खराब करने की राजनीतिक साजिश करार दिया है.