देहरादून DCB चुनाव में BJP का दबदबा, मनजीत रावत निर्विरोध चेयरमैन; 12-1 के आंकड़े ने बदले सारे समीकरण

देहरादून जिला सहकारी बैंक के प्रबंध कमेटी चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा रहा. मनजीत सिंह रावत निर्विरोध चेयरमैन और भीम सिंह वाइस चेयरमैन चुने गए. बोर्ड में भाजपा का मजबूत बहुमत सामने आया.

social media
Kuldeep Sharma

देहरादून जिला सहकारी बैंक के चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की है. चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के पदों पर उसके उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए. मनजीत सिंह रावत को चेयरमैन और भीम सिंह को वाइस चेयरमैन घोषित किया गया. नतीजों के बाद समर्थकों ने बैंक परिसर के बाहर जमकर जश्न मनाया.

निर्विरोध चुने गए चेयरमैन और वाइस चेयरमैन

जिला सहकारी बैंक की प्रबंध कमेटी के चुनाव में मंगलवार को चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई. सुबह 9 बजे से 11 बजे तक उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करना था. भाजपा समर्थित मनजीत सिंह रावत ने चेयरमैन और भीम सिंह ने वाइस चेयरमैन पद के लिए पर्चा भरा. तय समय तक इनके मुकाबले किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया. ऐसे में दोनों को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया.

चुनावी समीकरणों में भाजपा ने मारी बाजी

निर्वाचन अधिकारी विजय थपलियाल ने सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मनजीत सिंह रावत और भीम सिंह के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की. इस नतीजे ने चुनाव से पहले लगाए जा रहे राजनीतिक अनुमानों को भी बदल दिया. खास बात यह रही कि कांग्रेस समर्थित डायरेक्टरों की ओर से नामांकन दाखिल नहीं किया गया. चुनाव के दौरान बैंक परिसर में कांग्रेस का कोई बड़ा पदाधिकारी या प्रमुख कार्यकर्ता भी नजर नहीं आया.


बैंक परिसर के बाहर समर्थकों ने मनाया जश्न

नतीजे सामने आने के बाद बैंक परिसर के बाहर मौजूद भाजपा समर्थकों में उत्साह देखने को मिला. जीत की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी और ढोल की थाप पर जमकर जश्न मनाया. समर्थकों ने नारेबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की. नए प्रबंध कमेटी बोर्ड में चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के साथ पंकज सिंह डोगरा, सुनीता, पूजा गौड़, गितीका कुकरेती, राजीव चौहान, सुप्रिया, खुशहाल सिंह, विपिन चौहान, विनोद कुमार, सूरत सिंह चौहान और बिरेश सिंह शामिल हैं.

अन्य सहकारी संस्थाओं में भी भाजपा का दबदबा

प्रबंध कमेटी के चुनाव के साथ ही दूसरी सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि पदों पर भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की. उत्तराखंड प्रादेशिक यूनियन लिमिटेड में देहरादून से धर्मेंद्र सिंह और अनिल कुमार चुने गए. वहीं उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के लिए राजीव चौहान, सुनीता, गितीका कुकरेती और किरतपाल सिंह रावत निर्विरोध निर्वाचित हुए. सोमवार को डायरेक्टर पदों पर हुए मतदान के बाद बने राजनीतिक समीकरणों को भाजपा ने अपनी रणनीति से पलटते हुए 12 बनाम 1 का आंकड़ा अपने पक्ष में कर लिया.