उत्तराखंड में युवाओं को साधने निकलेगी कांग्रेस, राहुल गांधी 15 सितंबर के बाद करेंगे 'छात्र की गूंज' कार्यक्रम
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस युवाओं और छात्रों को जोड़ने की तैयारी कर रही है. राहुल गांधी 15 सितंबर के बाद प्रदेश के विभिन्न शहरों में ‘छात्र की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं.
देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड में युवाओं और छात्रों को अपने साथ जोड़ने की रणनीति तैयार की है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 15 सितंबर के बाद उत्तराखंड के विभिन्न शहरों में ‘छात्र की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं. नैनीताल और हल्द्वानी समेत कई शहरों में प्रस्तावित इन कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और छात्रों से सीधे संवाद करने की तैयारी है.
कांग्रेस के इस कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और परीक्षाओं के रद होने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा. पार्टी का उद्देश्य युवाओं के बीच बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर सरकार को घेरना है.
कौन-कौन होगा शामिल?
‘छात्र की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन केसी वेणुगोपाल और पार्टी के अन्य युवा नेता भी शामिल हो सकते हैं. कार्यक्रमों के जरिए कांग्रेस छात्रों की समस्याओं और उनके मुद्दों को चुनावी अभियान से जोड़ने की कोशिश करेगी.
Also Read
दिल्ली में हुई कांग्रेस नेताओं की बैठक
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की बैठक हुई. प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने केसी वेणुगोपाल और पार्टी प्रभारी कुमारी सैलजा के साथ अलग अलग बैठकें कीं. इनमें चुनाव की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और पार्टी की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.
बेरोजगारी और महंगाई होंगे प्रमुख चुनावी मुद्दे
कुमारी सैलजा के नेतृत्व में हुई बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी. बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार पार्टी के प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे. इसके अलावा प्रदेश की भाजपा सरकार की कथित नाकामियों को भी जनता के बीच ले जाने की रणनीति बनाई गई है.
कांग्रेस युवाओं के बीच रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी कर रही है. पार्टी का मानना है कि इन मुद्दों के जरिए बड़ी संख्या में युवा मतदाताओं को जोड़ा जा सकता है.
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
केसी वेणुगोपाल ने चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और विभिन्न संगठनों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की बात कही. युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, पूर्व सैनिक विभाग और अनुसूचित जाति जनजाति विभाग को समन्वय के साथ काम करने की नसीहत दी गई.
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, करन माहरा, काजी निजामुद्दीन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.