मिशन 2027 के लिए कांग्रेस ने कसी कमर! उत्तराखंड पहुंचे केसी वेणुगोपाल, जिला अध्यक्षों को दिया जीत का मंत्र

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने देहरादून में जिला अध्यक्षों के साथ बैठक कर बूथ मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर लड़ने की रणनीति बनाई.

x
Sagar Bhardwaj

उत्तराखंड में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस अभी से एक्शन मोड में आ गई है. इसी सिलसिले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर देहरादून पहुंचे हैं. देहरादून पहुंचते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उत्तराखंड की संस्कृति और आस्था के प्रतीक चारधाम की पावन प्रतिमा भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

अपने इस दौरे के पहले दिन केसी वेणुगोपाल ने उत्तराखंड के सभी जिला और महानगर अध्यक्षों के साथ एक बेहद महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. इस बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी चुनावों की तैयारियां, जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करना तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना रहा.

बैठक के बारे में जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस एक सशक्त संगठन, समर्पित कार्यकर्ताओं और जनता के विश्वास के दम पर आगामी चुनावों में पूरे दमखम के साथ उतरेगी. केसी वेणुगोपाल ने जिला अध्यक्षों को साफ निर्देश दिए हैं कि वे बूथ स्तर पर जाकर संगठन को मजबूत करें और जनता के सुख-दुख में भागीदार बनें.


कांग्रेस इस बार देवभूमि में सत्ता में वापसी के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहती है. केसी वेणुगोपाल के इस अहम दौरे के ठीक बाद 17 जुलाई को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है. बैक-टू-बैक बड़े नेताओं के इन दौरों से साफ है कि कांग्रेस ने 'मिशन 2027' के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है.