क्यों खास है पाताल भुवनेश्वर मंदिर? सीएम पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं से की दर्शन करने की अपील

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने X पर वीडियो साझा कर पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट स्थित श्री पाताल भुवनेश्वर मंदिर की महिमा बताई. उन्होंने श्रद्धालुओं से उत्तराखंड आने पर इस दिव्य गुफा मंदिर के दर्शन करने की अपील की.

@pushkardhami X Account
Km Jaya

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए पिथौरागढ़ जिले के प्रसिद्ध श्री पाताल भुवनेश्वर मंदिर की महिमा का वर्णन किया है. उन्होंने इस पवित्र स्थल को भगवान शिव की अद्भुत महिमा और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र बताया. मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि उत्तराखंड आने पर इस दिव्य गुफा मंदिर के दर्शन जरूर करें.

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि जनपद पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट में स्थित श्री पाताल भुवनेश्वर मंदिर अपनी अनोखी प्राकृतिक गुफा और रहस्यमयी शैल संरचनाओं के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है. यह स्थान धार्मिक आस्था के साथ प्राकृतिक सुंदरता का भी अनूठा संगम प्रस्तुत करता है.


उन्होंने आगे क्या बताया?

उन्होंने बताया कि गुफा के भीतर बनी प्राकृतिक आकृतियां और चट्टानों की संरचनाएं इस स्थान को खास बनाती हैं. यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु आध्यात्मिक ऊर्जा, मानसिक शांति और अलौकिक अनुभूति का अनुभव करते हैं. यही कारण है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक इस पवित्र धाम के दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

उन्होंने लोगों से क्या की अपील?

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है. राज्य के मंदिर, तीर्थ स्थल और प्राकृतिक पर्यटन स्थल देश और दुनिया के लोगों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. उन्होंने लोगों से उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को करीब से देखने और उसका अनुभव लेने की अपील की.

अपने X पोस्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि जो भी श्रद्धालु पिथौरागढ़ जिले में आएं, वे श्री पाताल भुवनेश्वर गुफा के दर्शन अवश्य करें. उनका मानना है कि इस पवित्र स्थल पर पहुंचने से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है.

क्या है वहां की खासियत?

श्री पाताल भुवनेश्वर मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. यह प्राकृतिक गुफा अपने रहस्यमयी स्वरूप और धार्मिक मान्यताओं के कारण वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनी हुई है. यहां देश के विभिन्न राज्यों से लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं.

मुख्यमंत्री के इस संदेश को सोशल मीडिया पर भी लोगों का अच्छा समर्थन मिल रहा है. कई लोगों ने इस पवित्र स्थल की सुंदरता और धार्मिक महत्व की सराहना करते हुए इसे उत्तराखंड की पहचान बताया है. सरकार भी राज्य के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है.