हल्द्वानी में CM धामी की 8 बड़ी घोषणाएं, व्यापारियों को राहत- कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित 'उत्तराखंड प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन' का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया.
हल्द्वानी: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित 'उत्तराखंड प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन' का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में व्यापारियों की भूमिका की सराहना करते हुए व्यापारी हितों से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. सीएम ने स्पष्ट किया कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं और उनकी सुरक्षा, सम्मान तथा हितों की रक्षा करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन:
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार व्यापारियों को करदाता के साथ-साथ विकास का महत्वपूर्ण भागीदार मानती है. व्यापारिक प्रक्रियाओं और सिंगल विंडो सिस्टम को सरल बनाते हुए 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं. इसके साथ ही स्टार्टअप्स के प्रोत्साहन के लिए 200 करोड़ रुपये के 'वेंचर फंड' और 'निवेश मित्र' जैसी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं, ताकि कारोबारियों को अनावश्यक दफ्तरी चक्कर न लगाने पड़ें.
मुख्यमंत्री धामी की 8 प्रमुख घोषणाएं:
-
प्राकृतिक या अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत राशि उपलब्ध कराने की त्वरित कार्रवाई होगी.
Also Read
-
राज्य और जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी.
-
जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के लिए लागू दुर्घटना बीमा योजना की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा.
-
पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को बेहद सरल बनाकर सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा.
-
जिला मुख्यालयों और पर्यटन क्षेत्रों में होमस्टे व्यवस्था का विस्तार कर स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार सृजित किया जाएगा.
-
चारधाम यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों पर पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जाएगा.
-
राष्ट्रीय राजमार्गों व मुख्य मार्गों से जुड़े प्रमुख बाजारों की सड़कों तथा नालियों के मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी.
-
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले पंजीकृत श्रमिकों को 'कर्मकार कल्याण बोर्ड' की योजनाओं व सुविधाओं का पूरा लाभ दिया जाएगा.
स्मारिका का विमोचन:
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की विशेष स्मारिका का विमोचन किया गया. सम्मेलन में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत और सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित प्रदेशभर से आए सैकड़ों व्यापारी प्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. सीएम धामी ने अंत में सभी से आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने में सहयोग देने की अपील की.