खटीमा बनेगा पर्यटन का नया हॉटस्पॉट, सीएम धामी ने तैयार किया बड़ा रोडमैप
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित लोहियाहेड वाटर बाईपास का निरीक्षण कर पर्यटन सुविधाओं, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने इसे आधुनिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया.
ऊधम सिंह नगर: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के खटीमा स्थित लोहियाहेड वाटर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में उपलब्ध पर्यटन सुविधाओं, आधारभूत ढांचे और चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मौके पर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए. उनका उद्देश्य इस क्षेत्र को पर्यटन के लिहाज से और अधिक सशक्त बनाना है.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी पर्यटन स्थल की पहचान वहां की मूलभूत सुविधाओं और व्यवस्थित प्रबंधन से होती है. इसलिए स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार समयबद्ध तरीके से किया जाए.
Also Read
प्राकृतिक सौंदर्य को मिलेगा नया स्वरूप
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लोहियाहेड वाटर बाईपास प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर क्षेत्र है. यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं. यदि योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए तो यह स्थान प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है. उन्होंने क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और आकर्षक विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए.
स्थानीय लोगों की भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विकास योजनाओं में स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि जब किसी क्षेत्र के विकास में स्थानीय समाज की भागीदारी होती है, तब योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी रूप से सामने आता है. इससे क्षेत्र की पहचान मजबूत होती है और पर्यटन गतिविधियों को भी नया आधार मिलता है.
रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद
धामी ने कहा कि लोहियाहेड वाटर बाईपास को आधुनिक सुविधाओं से युक्त पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. पर्यटन क्षेत्र के विस्तार से होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और अन्य व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने भरोसा जताया कि यह परियोजना क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.