हेमकुंड साहिब यात्रा ने तोड़े रिकॉर्ड, श्रद्धालुओं की संख्या 1.28 लाख के पार
सुहावने मौसम और बेहतर यात्रा व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. सोमवार को एक ही दिन में 5,136 यात्रियों ने हेमकुंड साहिब पहुंचकर दर्शन किए.
उत्तराखंड की प्रसिद्ध हेमकुंड साहिब यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बनाती नजर आ रही है. सुहावने मौसम और बेहतर यात्रा व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. सोमवार को एक ही दिन में 5,136 यात्रियों ने हेमकुंड साहिब पहुंचकर दर्शन किए, जिससे यात्रा सीजन में अब तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 1.28 लाख के आंकड़े को पार कर गई है. यह पिछले साल की तुलना में 30 हजार से ज्यादा यात्रियों की बढ़ोतरी दर्शाता है.
चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही बनी हुई है. यात्रा मार्ग पूरी तरह सुचारु है और श्रद्धालु बिना किसी बड़ी बाधा के अपने धार्मिक सफर को पूरा कर रहे हैं. लगातार बढ़ती संख्या इस पवित्र यात्रा के प्रति लोगों की गहरी आस्था को दर्शाती है.
यात्रा मार्ग से पूरी तरह हटी बर्फ
यात्रा से जुड़ी सबसे बड़ी राहत यह है कि हेमकुंड साहिब जाने वाले मार्ग पर जमी बर्फ अब पूरी तरह पिघल चुकी है. इसके साथ ही पवित्र हेमकुंड सरोवर भी बर्फमुक्त हो गया है. इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और ज्यादा आसान हो गई है और यात्रा का अनुभव भी बेहतर हुआ है.
Also Read
- हल्द्वानी-काशीपुर में एक ही जमीन की 5 बार रजिस्ट्री, कुमाऊं में 30 जमीन धोखाधड़ी मामलों में FIR की सिफारिश; फौजी भी हुए ठगी का शिकार
- खुद बेटी-दामाद ने पीट-पीटकर ली पिता की जान... शरीर पर 15 चोट के निशान
- राजेंद्र नाथ लाहिड़ी की जयंती पर मुख्यमंत्री धामी ने किया नमन, युवाओं को दिया राष्ट्रसेवा का संदेश
घांघरिया में बढ़ी चहल-पहल
हेमकुंड साहिब के बेस कैंप घांघरिया में भी इन दिनों काफी रौनक देखने को मिल रही है. होटल, धर्मशालाएं और अन्य सुविधाएं यात्रियों से भरी हुई हैं. श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर आगे की यात्रा के लिए तैयारी कर रहे हैं.
रिकॉर्ड संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड मैनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सरदार सेवा सिंह ने बताया कि यात्रा सुचारु रूप से जारी है और इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं. उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में अब तक 30 हजार से ज्यादा श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच चुके हैं, जो यात्रा के प्रति बढ़ती आस्था का प्रमाण है.
ठंड का असर अब भी बरकरार
हालांकि यात्रा मार्ग और सरोवर से बर्फ हट चुकी है, लेकिन आसपास की ऊंची चोटियों पर अब भी बर्फ मौजूद है. इसी कारण हेमकुंड क्षेत्र में ठंडक बनी हुई है और श्रद्धालुओं को गर्म कपड़ों के साथ यात्रा करने की सलाह दी जा रही है.