BJP की इस बैठक पर टिकी सबकी नजर, 2027 से पहले हल्द्वानी में होने वाला है बड़ा मंथन
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर भाजपा आज हल्द्वानी में अहम मंथन करने जा रही है. नई प्रदेश टीम की पहली कार्यसमिति बैठक में चुनावी रणनीति के साथ विकसित उत्तराखंड के मुद्दे पर चर्चा होगी.
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में बुधवार यानी नौ सितंबर को हल्द्वानी में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की पहली बैठक होगी. नई प्रदेश टीम के गठन के बाद होने वाली इस बैठक को संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. बैठक में राजनीतिक एजेंडे के साथ आने वाले चुनाव की रणनीति और विकसित उत्तराखंड के मुद्दे पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा.
मिशन 2027 पर रहेगा फोकस
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी की कार्ययोजना पर मंथन होगा. राजनीतिक एजेंडे के साथ विकसित उत्तराखंड बनाने से जुड़े विषय भी चर्चा का हिस्सा रहेंगे. इसके अलावा विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों का जवाब देने की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा. भाजपा के लिए यह बैठक इसलिए अहम है क्योंकि चुनाव से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को एक दिशा देने की कोशिश होगी.
597 प्रतिनिधि होंगे शामिल
कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पूर्व मुख्यमंत्री समेत प्रदेशभर से कुल 597 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. नई प्रदेश टीम की यह पहली कार्यसमिति बैठक होने के कारण संगठन के स्तर पर भी इसे खास माना जा रहा है. बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रतिनिधियों के बीच आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर चर्चा होगी. इसके साथ ही चुनावी तैयारियों को लेकर संगठन की प्राथमिकताएं भी सामने आ सकती हैं.
Also Read
जेन जी से संवाद करेंगे नितिन नवीन
दस सितंबर को भी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का कार्यक्रम व्यस्त रहेगा. वह सुबह 10 बजे अमरदीप होटल में जेन जी से संवाद करेंगे. इसके बाद सुबह 11 बजे नैनीताल रोड स्थित वाटिका बैंक्वेट हाल में पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे. अलग-अलग वर्गों के साथ होने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी युवाओं और पूर्व सैनिकों से संवाद करेगी. इसके बाद नितिन नवीन दोपहर तीन बजे रुद्रपुर पहुंचकर सिख गौरव सम्मेलन में शामिल होंगे.
हल्द्वानी से रुद्रपुर तक संगठन का संदेश
दो दिनों के इन कार्यक्रमों में भाजपा का फोकस संगठन, चुनावी रणनीति और विभिन्न सामाजिक वर्गों के साथ संवाद पर दिखाई दे रहा है. हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति और कोर कमेटी की बैठकों के बाद पार्टी नेतृत्व जेन जी, पूर्व सैनिकों और सिख समाज के बीच पहुंचेगा.