अल्मोड़ा: जंगल में मवेशी चराती महिला 150 मीटर गहरी खाई में गिरी, दर्दनाक मौत

48 वर्षीय महिला बचुली देवी मवेशियों को लेकर जंगल गई थीं, जहां से लौटते समय वे करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गईं. इस दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

X
Antima Pal

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे के पास स्थित औलिया गांव में एक हृदयविदारक घटना घटी है. 48 वर्षीय महिला बचुली देवी मवेशियों को लेकर जंगल गई थीं, जहां से लौटते समय वे करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गईं. इस दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

जंगल में मवेशी चराती महिला 150 मीटर गहरी खाई में गिरी

घटना गुरुवार सुबह की बताई जा रही है. औलिया गांव की रहने वाली बचुली देवी रोज की तरह सुबह अपने मवेशियों को चराने जंगल की ओर ले गई थीं. दोपहर तक जब वह घर नहीं लौटीं तो परिवार में चिंता फैल गई. उनके पति गोधन सिंह काम से लौटकर घर पहुंचे तो पत्नी को न देखकर परेशान हो गए. काफी इंतजार के बाद भी जब वह नहीं आईं तो उन्होंने गांव वालों को सूचना दी.

महिला की हुई दर्दनाक मौत

गांव के लोगों ने तुरंत जंगल की ओर जाना शुरू कर दिया. काफी देर तक खोजबीन के बाद लोगों को बचुली देवी खाई में बेहोश अवस्था में दिखाई दीं. सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ छड़ा यूनिट की टीम मौके पर पहुंच गई. एसडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया.


खाई बहुत गहरी और चट्टानी थी. टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. तीखी चट्टानों और खड़ी ढलान से गुजरते हुए जवान नीचे उतरे. जब टीम महिला तक पहुंची तो उनकी सांसें बंद हो चुकी थीं. एसडीआरएफ और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से शव को बड़ी मुश्किल से खाई से बाहर निकाला गया. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया है. बचुली देवी परिवार की मुख्य सदस्य थीं. उनके अचानक चले जाने से परिवार वाले रो-रोकर बुरा हाल हो रहे हैं. परिजनों का कहना है कि बचुली रोज की तरह मवेशी चराने गई थीं. कभी-कभी जंगल का रास्ता खतरनाक हो जाता है, लेकिन उन्होंने कभी ऐसी घटना की कल्पना भी नहीं की थी.