विदेश में उत्तराखंड के युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर, सीएम धामी ने राजदूतों संग की बैठक

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया के भारतीय राजदूतों से मुलाकात कर उत्तराखंड के युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और वैश्विक अवसरों पर चर्चा की.

@ukcmo
Sagar Bhardwaj

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने मुलाकात की. इस दौरान संबंधित देशों में उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाओं और कुशल मानव संसाधन की मांग पर गहन मंथन किया गया.

ग्लोबल अवसरों के लिए स्किलिंग पर जोर

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित देशों के भारतीय मिशनों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखें. उन्होंने कहा कि विदेशों में उपलब्ध अवसरों के अनुसार राज्य के युवाओं को कौशल विकास और आवश्यक भाषा का प्रशिक्षण दिया जाए. इससे युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर रोजगार मिल सकेगा.

विदेशी राजदूतों ने बताई संभावनाएं

बैठक में जाम्बिया के उच्चायुक्त ने शिक्षा व कृषि, जमैका के उच्चायुक्त ने पर्यटन, स्वास्थ्य (विशेषकर नर्सिंग) व कृषि, तथा इथियोपिया के राजदूत ने प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, फार्मा और फ्लोरीकल्चर में अवसरों की जानकारी दी. राजदूतों ने संबंधित क्षेत्रों की मांग के अनुसार राज्य सरकार को विस्तृत नोट सौंपने की बात कही.


होम स्टे और वेलनेस मॉडल को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के होम स्टे मॉडल, फार्मा, उद्योग, आयुर्वेद और वेलनेस क्षेत्र में काफी क्षमताएं हैं. विदेशी प्रतिनिधिमंडलों को राज्य के होम स्टे भ्रमण से जोड़ा जाएगा. साथ ही, युवाओं को वैश्विक मांग के अनुरूप ढालने के लिए एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए.