घायल भाई को खाना देकर अस्पताल से लौट रहे युवक को थार ने मारी टक्कर, मौके पर हुई दर्दनाक मौत
लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में अस्पताल से लौट रहे 26 वर्षीय युवक हिमालय की तेज रफ्तार थार की टक्कर से मौत हो गई. हादसे के बाद ग्रामीणों ने तीन घंटे तक सड़क जाम कर मुआवजा और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की.
लखनऊ: लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई. अस्पताल में भर्ती अपने घायल भाई को खाना देकर घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार थार ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक करीब 100 फीट दूर जाकर सड़क पर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की पहचान काकोरी के मंडोली गांव निवासी हिमालय के 26 साल के बेटे शिवमंगल के रूप में हुई है. बताया गया कि हिमालय का छोटा भाई हिमांशु कुछ दिन पहले आम के पेड़ से गिरकर घायल हो गया था और उसका इलाज बालागंज स्थित एरा अस्पताल में चल रहा था. हिमालय शनिवार शाम अपने भाई को खाना देने अस्पताल गया था.
कब हुआ ये हादसा?
रात करीब 9 बजे वह ऑटो से वापस लौटा और गोलाकुंआ गांव के सामने उतरा. वहां से हरदोई रोड पार कर अपने गांव मंडोली की ओर पैदल जा रहा था. इसी दौरान मलिहाबाद की तरफ से आ रही तेज रफ्तार काले रंग की थार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
Also Read
वहां मौजूद लोगों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हिमालय हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरा. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद थार चालक वाहन समेत फरार हो गया.
ग्रामीणों ने क्या लिया एक्शन?
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. युवक की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शन के कारण हरदोई रोड पर करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा और लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई.
ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. हिमालय परिवार का सबसे बड़ा बेटा और एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. परिवार में घायल भाई हिमांशु के अलावा दो बहनें हिमांशी और रागिनी हैं.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
सूचना पर काकोरी और दुबग्गा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया. करीब तीन घंटे की बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और सड़क पर यातायात बहाल कराया गया.
काकोरी इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि नियमों के अनुसार अधिकतम संभव मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा. मृतक के पिता शिवमंगल की तहरीर पर काकोरी थाने में लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.